Fri. Aug 21st, 2026

पटना GPO में बड़ा फर्जीवाड़ा, फ्रीज खातों से लाखों की निकासी, 4 सहायक पोस्टमास्टर सस्पेंड

Patna News : पटना जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) में वित्तीय अनियमितताओं का एक गंभीर मामला सामने आया है। इसके बाद प्रशासन ने चार सहायक पोस्टमास्टरों को निलंबित कर दिया है। मामला वर्षों से फ्रीज किए गए बचत खातों को कथित तौर पर अनफ्रीज करने और उनसे लाखों रुपये निकालने से संबंधित है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

चार सहायक पोस्ट मास्टर सस्पेंड

सूत्रों के अनुसार, एसबी हॉल में तैनात सहायक पोस्ट मास्टर मनोज कुमार, राजीव कुमार, रणधीर कुमार यादव और जितेंद्र पासवान को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 2024 के दौरान फ्रीज किए गए बचत खातों को अनफ्रीज करके बड़ी रकम निकाली। शिकायत मिलने के बाद, पटना जीपीओ प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच करायी ।

जांच में वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि

विभागीय जांच में लेन-देन और खातों से जुड़ी प्रक्रियाओं की पड़ताल की गई। जांच रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद, चारों सहायक पोस्टमास्टरों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि फ्रीज किए गए खातों को फिर से चालू करने के बाद कितनी धनराशि निकाली गई।

सूत्रों के अनुसार, मामले से संबंधित लेन-देन की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा कि इस पूरे मामले में कितनी धनराशि निकाली गई। विभाग वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच कर रहा है। निलंबित अधिकारियों में से एक राजीव कुमार वर्तमान में डाक टिकट संग्रह शाखा में कार्यरत थे। वहीं, अन्य अधिकारियों को एसबी हॉल में तैनात किया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जांच और ऑडिट के निष्कर्षों पर आधारित होने की संभावना है। पार्सल बुकिंग के दौरान ग्राहकों से निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क लेने के आरोप में डाक सहायक मृत्युंजय कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विभागीय बैठक में डाक विभाग के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में डाक सहायक प्रमोद कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। इन सभी मामलों पर पटना जीपीओ के डिप्टी पोस्ट मास्टर विनय कुमार दुबे ने कहा कि मामला गंभीर है, इसलिए फिलहाल इस पर कोई प्रतिक्रिया देना उचित नहीं होगा। (एजेंसी)

About The Author