मथुरा में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल की शटरिंग गिरी, 3 मजदूरों की मौत
मथुरा न्यूज़ : मथुरा जिले के रुक्मणी विहार इलाके में निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल का शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। एक मजदूर की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के करीब 7 बजे शटरिंग अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। दुर्घटना के समय घटनास्थल पर मजदूर मौजूद थे। शटरिंग गिरने से चारों ओर दहशत और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, मुख्य कार्यकारी अधिकारी और इलाके के पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मलबे के नीचे दबे मजदूरों को बचा लिया गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
शटरिंग गिरने से हुआ हादसा
एसपी सिटी राजीव सिंह ने बताया कि रुक्मिणी विहार स्थित ओमेक्स कमर्शियल साइट पर निर्माण कार्य चल रहा था। एक प्रोजेक्शन बालकनी को हटाया जा रहा था, जिसके लिए शटरिंग लगाई गई थी। अचानक शटरिंग गिर गई, जिससे चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए। पुलिस और दमकल कर्मियों की संयुक्त टीम ने त्वरित बचाव अभियान चलाया और सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला।
हादसे में 3 मजदूर की मौत
एसपी सिटी ने बताया कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में दो अन्य मजदूरों की भी मौत हो गई। एक घायल को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एसपी सिटी के अनुसार, मृतकों में से एक मजदूर नेपाल का और दो पश्चिम बंगाल के थे। फिलहाल एक घायल मजदूर का इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। (एजेंसी)

