भाजपा को बड़ा झटका! शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा, राष्ट्रीय प्रवक्ता पद भी छोड़ा
नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक पत्र लिखकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद से अपने इस्तीफे की घोषणा की है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को अपने इस्तीफे की सूचना दी और उनसे अपना इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया। शहजाद के भाजपा छोड़ने की अटकलें काफी समय से चल रही थीं। हालांकि, अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर बीजेपी अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने अपने पत्र में ये भी कहा कि ‘मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं।’
शहजाद पूनावाला का Resignation Letter
शहजाद पूनावाला ने सोमवार को X पर अपना त्यागपत्र पोस्ट किया। उन्होंने पत्र में लिखा, “कृपया इस पत्र को मेरे 30 जुलाई, 2026 के पत्र के संदर्भ में पढ़ें, जिसमें मैंने वित्तीय और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण भाजपा के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से बिना शर्त इस्तीफा देने की पेशकश की थी। मेरे लिए यह बेहद भावनात्मक था कि पार्टी ने मेरा इस्तीफा तुरंत स्वीकार करने से इनकार कर दिया और मुझसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया।”
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा, “पार्टी द्वारा मेरे इस्तीफे को तुरंत स्वीकार न करने और मुझसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करने से मुझे बेहद भावनात्मक क्षण का सामना करना पड़ा। लेकिन काफी सोच-विचार और गहन चिंतन के बाद, मैंने अंततः राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और भाजपा की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।”
पीएम मोदी-शाह से लेकर नितिन नवीन को दिया धन्यवाद
अपना त्यागपत्र साझा करते हुए पूनावाला ने कहा, “पिछले कुछ दिनों की घटनाओं, जिनके बारे में मैंने आपको विस्तार से बताया है, ने मुझे अपने पहले के फैसले पर अडिग रहने के लिए मजबूर कर दिया है।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष जैसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति बिना किसी आहत भाव के, केवल कृतज्ञता, प्रेम, स्नेह और उच्चतम सम्मान के साथ, मैं अपनी और से, पार्टी द्वारा पिछले पाँच वर्षों में मुझे दिए गए मंच और अवसरों के लिए एक बार फिर धन्यवाद देता हूं।”
शहजाद पूनावाला ने कहा, “जैसा कि मैंने पहले भी कहा था, आर्थिक और व्यक्तिगत मजबूरियों के चलते मैं निजी क्षेत्र में प्रवेश कर रहा हूं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के दृष्टिकोण और कार्यों का मैं हर संभव तरीके से समर्थन करता रहूंगा। मैं पार्टी प्रणाली छोड़ रहा हूं, लेकिन विचारधारा और व्यक्ति को नहीं।”
पूनावाला ने 2017 में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। तब से, वे लगातार टीवी बहसों में पार्टी का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। हालांकि, अब उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला किया है। (एजेंसी)

