Wed. Jul 29th, 2026

बागेश्वर धाम से लौटते समय हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती

किरण सिंह देव

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ, जब वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ वापस लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।

ट्रक से टकराई कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। अचानक ब्रेक लगने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव को कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल

दुर्घटना के समय उनके साथ सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और घायल किरण सिंह देव को झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

हालत स्थिर, नेताओं ने जताई चिंता

भाजपा नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हादसे पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार का गंभीर खतरा नहीं है।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

स्थानीय पुलिस ने सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर हादसे की वजह वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े