Thu. Jul 16th, 2026

Karnataka Doctor Murder Mystery: जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे पति और बेटा… बीवी बिस्तर पर लेट चला रही थी मोबाइल फोन!

Karnataka Doctor Murder Mystery: कर्नाटक के धारवाड़ से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी प्राइवेट हॉस्पिटल के एनेस्थेटिस्ट (Anaesthetist) डॉक्टर की उनके ही घर के भीतर चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल दहला देने वाली इस घटना में डॉक्टर का 8 वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया, जो खुद भी पेशे से एक डॉक्टर है।

कमरे में चारों तरफ फैला था खून, तड़प रहा था मासूम

मृतक डॉक्टर की पहचान 45 वर्षीय डॉ. किरण होन्नन्नावर के रूप में हुई है, जो धारवाड़ के ‘रंका स्टेलो अपार्टमेंट’ में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहते थे। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को जब उनके घर का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। डॉ. किरण बिस्तर के पास गद्दे पर खून से लथपथ मृत पड़े थे, उनके गले पर चाकू के कई वार किए गए थे। वहीं पास ही उनका 8 साल का बेटा भी लहूलुहान हालत में पड़ा तड़प रहा था। बच्चे को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

लाश के बगल में मोबाइल चला रही थी पत्नी!

इस हत्याकांड में जिसने भी पत्नी का रवैया देखा, उसकी रूह कांप गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार शाम से ही जब डॉ. किरण के रिश्तेदार उनके मोबाइल पर फोन कर रहे थे, तो उनकी पत्नी हर बार अजीब और अलग-अलग बहाने बना रही थी। बुधवार को जब शक होने पर रिश्तेदार और परिचित घर पहुंचे, तो हैरान रह गए। पति और बेटा खून से लथपथ पड़े थे और आरोपी पत्नी घर के अंदर बेहद इत्मीनान से बिस्तर पर लेटकर अपना मोबाइल स्क्रॉल कर रही थी। यहाँ तक कि उसने पड़ोसियों से भी झूठ कहा था कि डॉक्टर साहब काम पर गए हैं।

बाहर से कोई नहीं आया, घरेलू विवाद की आशंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया:

“घटना के वक्त घर के अंदर सिर्फ पति, पत्नी और बेटा ही मौजूद थे। अब तक की जांच में ऐसा कोई भी सबूत या सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला है, जिससे यह लगे कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में जबरन दाखिल हुआ था। शुरुआती जांच में यह मामला गहरे घरेलू विवाद का लग रहा है।”

बयानों में विरोधाभास और ऑटिज्म का एंगल

पुलिस हिरासत में ली गई आरोपी डॉक्टर पत्नी डॉ. प्रिया से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि वह खुद को सदमे में बता रही है और बार-बार अपने बयान बदल रही है। जांच में यह भी पता चला है कि घायल मासूम बच्चा ऑटिज्म (एक प्रकार की मानसिक स्थिति) से पीड़ित है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या बच्चे की बीमारी या किसी अन्य पारिवारिक कलह के कारण इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।

About The Author