Tue. Aug 11th, 2026

कानपुर SBI लॉकर से 50 लाख के जेवर गायब, बिना चाबी खुला ताला; बैंक कर्मचारियों पर FIR

Kanpur News: कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जो बैंकों में अपनी बचत रखने वालों को हैरान कर देगा। शहर के स्वरूप नगर इलाके में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की ब्रांच के लॉकर में रखे ₹50 लाख के गहने गायब पाए गए। कानपुर पुलिस ने इस मामले में संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बैंक लॉकर 2003 में खोला गया था, लेकिन लंबे समय से उसे चेक नहीं किया गया था। चार महीने पहले ही जब इस लॉकर को चेक किया गया तो उसमें रखे जेवर गायब थे। जिससे कस्टमर हैरान रह गया। उसने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी तो मामले की जांच शुरू की गई।

2003 में SBI में खुलावाया था लॉकर

यह मामला कौशालपुरी की रहने वाली रश्मि अरोड़ा से जुड़ा है। उन्होंने 2003 में स्टेट बैंक ऑफ त्रावणकोर में एक अकाउंट खुलवाया था। यह बैंक बाद में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में मिला दिया गया था। महिला को बैंक ने लॉकर नंबर 23 मिला था। 2011 में अपने पति की मौत के बाद, वह अपनी बेटी के साथ रहने के लिए लखनऊ चली गईं। इस लंबे अंतराल के दौरान उनके बचत खाते से लॉकर का सालाना किराया नियमित रूप से कटता रहा, जिससे उन्हें भरोसा था कि उनके जीवनभर की जमा-पूंजी सुरक्षित है। करीब चार महीने पहले जब रश्मि बैंक पहुंचीं तो स्टाफ ने यह कहकर उन्हें चौंका दिया कि उनके नाम पर कोई लॉकर ही दर्ज नहीं है। काफी मिन्नतें करने और बैंक रिकॉर्ड खंगालने के बाद आखिरकार उनका लॉकर नंबर 23 मिला।

SBI बैंक लॉकर में नहीं थे जेवरात

जब रश्मि ने 27 जुलाई को बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी में लॉकर खोला, तो उसे गहरा सदमा लगा; उसमें रखे ₹50 लाख मूल्य के पुश्तैनी और कीमती गहने पूरी तरह गायब थे। इसके बाद, उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और बैंक मैनेजमेंट तथा कर्मचारियों पर गहनों को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया। जहां कानपुर के पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर स्वरूपनगर पुलिस ने शाखा प्रबंधक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस लॉकर से जुड़े रिकॉर्ड, बैंक के दस्तावेज और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि बैंक लॉकर कैसे खोला गया। रश्मि का कहना है कि 2011 के बाद वह इस साल पहली बार बैंक गई थीं और इस बीच उन्होंने कभी लॉकर का इस्तेमाल नहीं किया था। इससे यह सवाल उठता है कि रश्मि की गैर-मौजूदगी में और उनकी चाबी के बिना लॉकर किसने खोला, और किसके कहने पर?

पुलिस ने शिकायत दर्ज की

मामला पुलिस कमिश्नर के संज्ञान में आने के बाद, स्वरूप नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ब्रांच मैनेजर और संबंधित बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब लॉकर एक्सेस रजिस्टर, बैंक एंट्री रिकॉर्ड और इसमें शामिल कर्मचारियों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है। (एजेंसी)

About The Author