रायपुर IPL मैच में दर्शकों की बढ़ी मुसीबत : पानी 150 रुपये, सुरक्षा और नेटवर्क व्यवस्था फेल
राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए आरसीबी और मुंबई इंडियंस के मुकाबले के दौरान दर्शकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक तरफ मैदान पर रोमांचक मुकाबला चल रहा था, वहीं दूसरी ओर स्टेडियम के अंदर अव्यवस्था, महंगे खाने-पीने के सामान और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग नाराज दिखाई दिए। करीब 60 हजार दर्शकों की मौजूदगी वाले इस मुकाबले में सबसे ज्यादा शिकायत खाने-पीने की वस्तुओं की ऊंची कीमतों को लेकर सामने आई। लोगों का कहना था कि स्टेडियम के अंदर वेंडर्स ने तय कीमत से कई गुना ज्यादा पैसे वसूले।
खाने-पीने की चीजों पर मनमानी कीमतें
दर्शकों के अनुसार, स्टेडियम के भीतर एक साधारण पानी की बोतल 150 रुपये तक में बेची गई, जबकि बाजार में उसकी कीमत काफी कम है। इसी तरह कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, समोसा, सैंडविच और पिज्जा जैसे खाद्य पदार्थों के लिए भी लोगों से दोगुने-तीन गुने दाम लिए गए। कई लोगों ने इस मनमानी का विरोध किया और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किए। वायरल वीडियो में लोग वेंडर्स से बहस करते और महंगाई पर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।
मोबाइल नेटवर्क ठप होने से बढ़ी दिक्कत
स्टेडियम में नेटवर्क व्यवस्था भी बड़ी समस्या बन गई। आयोजकों ने मैच के दौरान मोबाइल नेटवर्क सुचारू रखने के लिए अस्थाई टावर लगाए थे, लेकिन भीड़ बढ़ते ही नेटवर्क सेवा प्रभावित हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी ई-टिकट लेकर पहुंचे दर्शकों को हुई। इंटरनेट नहीं चलने के कारण कई लोगों के मोबाइल में टिकट का क्यूआर कोड लोड नहीं हो सका। इसके चलते प्रवेश द्वारों पर लंबी लाइनें लग गईं और लोग स्टेडियम के बाहर नेटवर्क खोजते नजर आए। कई दर्शकों ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में तकनीकी व्यवस्था का बेहतर होना जरूरी था, लेकिन यहां पूरी तैयारी अधूरी नजर आई।
बिना टिकट लोगों की एंट्री से सुरक्षा पर सवाल
IPL मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ी चूक सामने आई। स्टेडियम में अवैध प्रवेश रोकने के लिए फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन इसके बावजूद कई लोग इन्हें पार कर अंदर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही लोग तारों और जालियों पर चढ़कर स्टेडियम में घुसने लगे। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं होने के कारण भीड़ को रोकना मुश्किल हो गया।
read more: महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! अगले महीने से खुलेगा रजिस्ट्रेशन पोर्टल, हर महीने मिलेंगे 2500 रुपए
जाली फांदते समय युवक घायल
अंदर घुसने की कोशिश के दौरान एक युवक हादसे का शिकार भी हो गया। बताया गया कि जाली पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। लोगों का कहना है कि जिस स्थान से अवैध एंट्री हो रही थी, वहां सुरक्षा व्यवस्था लगभग नदारद थी। इसका फायदा उठाकर बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम में प्रवेश करने में सफल रहे।
रेट लिस्ट नहीं होने से बढ़ा विवाद
दर्शकों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टेडियम में कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी। इसी वजह से वेंडर्स अपनी मर्जी से कीमत तय कर रहे थे। भीषण गर्मी के बीच पानी की ऊंची कीमतों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। चूंकि स्टेडियम में ‘नो री-एंट्री’ नियम लागू था, इसलिए लोग बाहर जाकर सामान खरीद भी नहीं सकते थे।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
IPL मैच खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आयोजन व्यवस्था की जमकर आलोचना की। कई क्रिकेट फैंस ने कहा कि इतने बड़े आयोजन में दर्शकों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। अब वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद आयोजन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

