Sun. Sep 6th, 2026

INDW vs PAKW: भारत ने पाकिस्तान को चारों खाने चित्त! 7 विकेट से जीत, हरमनप्रीत ने छक्के से किया मैच खत्म

INDW vs PAKW: महिला एशिया कप टी20 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी है। युवा स्पिन जोड़ी श्री चरणी और प्रेमा रावत की घातक फिरकी के सामने पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह गया। इस जीत के साथ ही कप्तान हरमनप्रीत कौर पुरुष और महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान 150 T20I मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।

पाकिस्तान का T20I में सबसे कम स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही और शुरुआती 4 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 27 रन बन चुके थे। हालांकि, इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत ने स्पिनरों का जाल बिछाया, जिसके सामने पूरी पाकिस्तानी टीम 18.1 ओवरों में महज 55 रनों पर ऑलआउट हो गई। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे न्यूनतम स्कोर है।

पाकिस्तान की ओर से शवाल जुल्फिकार (14 रन) और मुनीबा अली (13 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। कप्तान फातिमा सना और गुल फिरोजा शून्य पर आउट हुईं।

भारतीय गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन

भारतीय स्पिनरों ने पूरे मैच में कमाल का अनुशासन दिखाया और कुल 78 डॉट गेंदें फेंकी:

  • श्री चरणी: 4 ओवर, 7 रन, 3 विकेट
  • प्रेमा रावत: 4 ओवर, 9 रन, 3 विकेट
  • दीप्ति शर्मा: 3.1 ओवर, 5 रन, 2 विकेट
  • शेफाली वर्मा: 3 ओवर, 10 रन, 1 विकेट

3 विकेट खोकर भारत ने हासिल किया लक्ष्य

56 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा (12), स्मृति मंधाना (9) और प्रतिका रावल (4) के विकेट जल्दी गंवा दिए। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने तीनों विकेट चटकाए। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) ने पारी को संभाला। हरमनप्रीत ने 8.4 ओवर में शानदार विजयी छक्का लगाकर टीम इंडिया को 7 विकेट से एकतरफा जीत दिला दी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े