Tue. Aug 18th, 2026

हैवान बना पिता: पत्नी की हत्या के बाद 2 बच्चों को तालाब में फेंका, 12 साल की बेटी की मौत; बेटे ने तैरकर बचाई जान

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कनाडिया थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव में एक व्यक्ति ने ‘चरित्र शंका’ के चलते पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर अपने ही दो मासूम बच्चों को तालाब में फेंक दिया। इस खौफनाक वारदात में 12 साल की बेटी की डूबने से मौत हो गई।

10 साल के बेटे ने तैरकर बचाई जान

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनील चौहान का अपनी पत्नी अनिता से विवाद हुआ था। हत्या के बाद अपराध छिपाने के लिए वह 12 साल की बेटी माही और 10 साल के बेटे अजय को तालाब पर ले गया और पानी में धकेल दिया। राहत की बात यह रही कि 10 वर्षीय अजय किसी तरह तैरकर बाहर आ गया और ग्रामीणों को पिता की इस हैवानियत की जानकारी दी।

SDRF ने निकाला बच्ची का शव, आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह 12 वर्षीय माही का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने (आत्महत्या) की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

About The Author