Thu. Oct 8th, 2026

India vs Zimbabwe T20 in Raipur: भारत-जिम्बाब्वे T20 के लिए रायपुर तैयार, स्टेडियम में होगी ये खास व्यवस्था… जानें पूरी डिटेल

India vs Zimbabwe T20 in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर क्रिकेट के बड़े मुकाबलों के लिए तैयार हो रही है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन अंतर्राष्ट्रीय T20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधाओं तक कई अहम व्यवस्थाएं तय की गई हैं।

16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन T20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को नवा रायपुर के परसदा स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

मैचों के सफल और सुचारू संचालन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें खेल एवं युवा कल्याण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा से ट्रैफिक तक रहेगा खास इंतजाम

मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को लेकर पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

दर्शकों को उनके टिकट के आधार पर निश्चित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई की भूमिका रहेगी।

ई-टिकट से होगी एंट्री, मिलेगा ओपन वाई-फाई

दर्शकों के लिए ई-टिकट की सुविधा रखी गई है। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा। स्टेडियम में ई-टिकट आसानी से स्कैन हो सके, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था भी की जाएगी।

टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

खाने-पीने और पानी की भी व्यवस्था

स्टेडियम के भीतर दर्शकों के लिए खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली की व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा की जाएगी।

वहीं, स्टेडियम परिसर और आसपास मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है।

मेडिकल इमरजेंसी के लिए ग्रीन कॉरिडोर

मैच के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एंबुलेंस भी तैनात रहेगी।

आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की पहुंच सुनिश्चित करने और पर्याप्त पानी की उपलब्धता के लिए भी रूट का चिन्हांकन किया जाएगा।

लोकल सपोर्ट कमेटी करेगी समन्वय

मैच के सफल संचालन और अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है।

इस समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।

बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे समेत रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

About The Author