Thu. Aug 27th, 2026

नेपाल की मदद को आगे आया भारत, हिंडन एयरपोर्ट से भेजी गई 35-37 टन राहत सामग्री

India Sends Help to Nepal: नेपाल में तिब्बत सीमा के पास आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिए हैं। भारत ने गुरुवार सुबह दिल्ली के हिंडन हवाई अड्डे से एक सी-17 सैन्य परिवहन विमान के माध्यम से नेपाल को 35-37 टन राहत सामग्री भेजी। यह राहत अभियान भारत की अतिरिक्त मानवीय सहायता का हिस्सा है। नेपाल ने इस सहायता के लिए भारत का आभार व्यक्त किया है।

भारत ने बुधवार रात नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भेजी। भारतीय वायु सेना के C-130J विमान द्वारा लगभग 10 टन मानवीय सहायता और आवश्यक चिकित्सा सामग्री काठमांडू भेजी गई। इनमें अस्थायी आश्रय, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल थीं। नेपाल में अचानक आई बाढ़ से अब तक कम से कम 163 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। बाढ़ ने नेपाल-तिब्बत सीमा के आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है, जिससे सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है।

भारत की मदद पर नेपाल ने जताया आभार

नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित भारतीय नेताओं द्वारा व्यक्त की गई संवेदनाओं और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

दूतावास ने त्वरित मानवीय सहायता और नेपाली अधिकारियों के साथ घनिष्ठ समन्वय के लिए भारतीय सरकार और भारतीय जनता का आभार व्यक्त किया। नेपाल ने कहा कि इस कठिन समय में भारत की एकजुटता, चिंता और समर्थन ने आपदा प्रभावित लोगों को साहस प्रदान किया है। भारत ने बाढ़ के बाद राहत सामग्री और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति भेजकर नेपाल को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया है।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, “दूसरी उड़ान नेपाल के लिए रवाना हो चुकी है, जिसमें 37.5 टन राहत सामग्री, दवाएं और खाद्य पैकेट लाए गए हैं। भारत नेपाली अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में है। हम चल रहे राहत कार्यों में पूर्ण सहयोग प्रदान करना जारी रखेंगे।”

पीएम मोदी ने नेपाली पीएम से की बात

राहत सामग्री भेजने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की। नेपाल के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें हर संभव मानवीय सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए भारतीय टीमें नेपाल की संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी बताया कि भारत ने नेपाल को 10 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री के साथ-साथ आवश्यक दवाएं भी भेजी हैं।

आगे भी जारी रहेगा राहत अभियान

भारतीय वायु सेना ने बताया कि सी-17 और सी-130 विमानों का उपयोग करके अतिरिक्त राहत सामग्री भेजी जाएगी। जरूरत पड़ने पर बचाव और निकासी अभियान के लिए हेलीकॉप्टर भी तैयार रखे गए हैं। नेपाल स्थित भारतीय दूतावास भी राहत कार्यों में सहयोग कर रहा है। बुधवार को भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री खड़का राज पौडेल को 10 टन मानवीय सहायता सौंपी। भारत ने स्पष्ट किया है कि इस मुश्किल वक्त में वह नेपाल के साथ खड़ा है और राहत एवं बचाव के लिए हर संभव मदद जारी रखेगा। (एजेंसी)

About The Author