Mon. Aug 3rd, 2026

दुर्ग में देर रात खौफनाक वारदात: लूट के दौरान उप सरपंच की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

CG Durg news : दुर्ग जिले के जीवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में लूट का विरोध करने पर एक उप सरपंच की चाकू से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर रात, मृतक उप सरपंच अपने साथियों के साथ एक निजी अस्पताल गए थे। वहां से लौटते समय, अज्ञात बदमाशों ने उन्हें करहीडीह चौक के पास रोक लिया और लूटपाट करने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने तुमाकला गांव के उप सरपंच प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से कई बार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

करहीडीह से चिखली चौक के बीच की है घटना

यह घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र में करहीडीह और चिखली चौक के बीच घटी। खबरों के अनुसार, तुमाकला गांव के उप सरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ एक और व्यक्ति भी था। मोटरसाइकिल पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी लूटपाट के इरादे से आए थे। उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल फोन और नकदी छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने पास रखे चाकू से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उपसरपंच की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। मृतक प्रकाश सिंह कश्यप, धामधा ब्लॉक के तुमाकला गांव के उप सरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में इसी गांव की सरपंच हैं। इस घटना से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

दुर्ग पुलिस आरोपियों की तलाश में

जेवरा सिरसा पुलिस चौकी के प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह लूटपाट के दौरान हुई हत्या है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। (एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े