Fri. Jul 17th, 2026

न्यूजीलैंड में भूकंप के बाद हाई अलर्ट, तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी

Earthquake in New Zealand: गुरुवार को न्यूजीलैंड के साउथ आइलैंड में जोरदार भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.3 मापी गई। अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की है। खबरों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ते अनाऊ (Te Anau) शहर से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर में था। इस इलाके को फियोर्डलैंड (Fiordland) जैसी मशहूर टूरिस्ट जगहों का प्रवेश द्वार माना जाता है।

न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने लोगों से समुद्र तटों और तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि भूकंप से कोई बड़ा नुकसान या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। इस बीच, US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) और जर्मनी के GFZ जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी है। दोनों एजेंसियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र 50 किलोमीटर से ज्यादा की गहराई पर था।

आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने क्या कहा?

न्यूजीलैंड की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे तुरंत सुनामी वाले इलाकों से निकलकर नजदीकी ऊंचे स्थान पर या जमीन के अंदर की तरफ जितना हो सके, उतनी दूर चले जाएं। न्यूज़ीलैंड नागरिक सुरक्षा विभाग ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि रात 9:14 बजे फिओर्डलैंड के पास 5.9 तीव्रता के भूकंप के बाद, तटीय इलाकों में पानी की तेज और असामान्य लहरें उठ सकती हैं और जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।

विभाग ने बताया कि समुद्र की तेज लहरों और अचानक उठने वाले ज्वार से चोट लग सकती है या डूबने का खतरा हो सकता है। ऐसी स्थितियों से तैराकों, सर्फिंग करने वालों, मछुआरों और समुद्र तट के पास पानी में मौजूद अन्य लोगों को खतरा हो सकता है। विभाग ने प्रभावित इलाकों में मौजूद समुद्र में हों या उसके आस-पास रहने वालों से अपील की है कि वे पानी से बाहर निकल आएं और समुद्र तटों, तटीय इलाकों, बंदरगाहों, मरीना, नदियों और मुहानों से दूर चले जाएं।

नागरिक सुरक्षा विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, नावों में मौजूद लोग, नाव पर रहने वाले लोग और नाव खड़े करने वाली जगहों पर मौजूद लोगों को अपनी नावों या जहाजों को छोड़कर किनारे पर चले जाना चाहिए। अधिकारियों के निर्देश के बिना वापस नावों पर न जाएं। एडवाइजरी में यह भी कहा गया कि अन्य इलाकों को खाली करने की जरूरत नहीं है, जब तक स्थानीय नागरिक सुरक्षा अधिकारी सीधे ऐसा करने का निर्देश न दें। इस घटना के कारण तट के पास जमीन में पानी भरने की आशंका नहीं है।

गुजरात में तीन मिनट में दो झटके

इस बीच, गुरुवार को भारत के गुजरात राज्य के कच्छ जिले में तीन मिनट के अंदर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। गांधीनगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) के अनुसार, पहला झटका जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई। दोपहर 2:20 बजे आया और इसका केंद्र खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। इसके तीन मिनट बाद, दोपहर 2:23 बजे, 3.2 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया, जिसका केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में दर्ज किया गया। (एजेंसी)

 

About The Author