Thu. Jul 16th, 2026

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 131वें संविधान संशोधन विधेयक जो परिसीमन से जुड़ा है के संबंध में पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार के संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की भी मांग की है। सोशल मीडिया पोस्ट में पत्र साझा करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने लिखा, “मैंने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया है कि वे परिसीमन और संबंधित मामलों पर सरकार के संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएं।”

उन्होंने आगे लिखा कि मार्च और अप्रैल के दौरान, उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री से कई बार अनुरोध किया था कि वे परिसीमन के संबंध में केंद्र सरकार के प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएं। दुर्भाग्य से, इन अनुरोधों को स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद, 17 अप्रैल 2026 को, संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में काफी बड़े अंतर से विफल रहा।

एक बार फिर अनुरोध करता हूं…’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा, “मैंने मीडिया रिपोर्टों में पढ़ा है कि केंद्र सरकार अब संसद के आगामी मॉनसून सत्र के दौरान संशोधित (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को फिर से पेश करने का प्रस्ताव कर रही है। मैं एक बार फिर आपसे आग्रह करता हूं कि परिसीमन और अन्य मामलों पर सरकार के संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए, और संसद में पेश किए जाने से पहले हमें उनका विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।” (एजेंसी)

About The Author