Happy IndiGo Day: IndiGo का धमाकेदार ऑफर! 20वीं सालगिरह पर 20 हजार यात्रियों को मिलेगी फ्री फ्लाइट
Happy IndiGo Day Free Ticket Offer: 20वीं सालगिरह पर इंडिगो का बड़ा तोहफा, 20,000 यात्रियों को मिलेगी फ्री फ्लाइट
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने अपनी 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर यात्रियों के लिए शानदार ऑफर पेश किया है। कंपनी ने ‘Happy IndiGo Day’ अभियान के तहत 20,000 घरेलू फ्लाइट टिकट मुफ्त देने की घोषणा की है। इस ऑफर के तहत चयनित यात्रियों को उनके टिकट का पूरा किराया वापस किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह पहल अपने ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त करने और 20 साल के सफल सफर का जश्न मनाने के लिए शुरू की गई है।
4 से 6 अगस्त तक टिकट बुक करने वालों को मिलेगा मौका
इंडिगो के मुताबिक, 4 अगस्त से 6 अगस्त 2026 के बीच घरेलू उड़ानों की टिकट बुक करने वाले यात्री इस ऑफर के लिए पात्र होंगे। हालांकि यह सुविधा केवल IndiGo की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और AI वर्चुअल असिस्टेंट 6Eskai के माध्यम से की गई बुकिंग पर ही लागू होगी। किसी अन्य प्लेटफॉर्म से खरीदी गई टिकटें इस ऑफर में शामिल नहीं होंगी।
ऐसे मिलेगा टिकट का पूरा पैसा वापस
कंपनी योग्य यात्रियों का रैंडम चयन करेगी। चयनित यात्रियों को ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए एक आसान सवाल भेजा जाएगा। सही जवाब देने के लिए उन्हें तीन मौके मिलेंगे। यदि यात्री सही उत्तर देता है तो प्रति PNR अधिकतम 10,000 रुपये तक का टिकट किराया उसके खाते में 3 से 5 कार्यदिवस के भीतर वापस कर दिया जाएगा।
किन टिकटों पर लागू होगा ऑफर?
यह ऑफर इकोनॉमी क्लास और IndiGoStretch दोनों श्रेणियों की घरेलू उड़ानों पर लागू होगा। इसके तहत वन-वे और रिटर्न दोनों प्रकार की टिकटें शामिल हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऑफर का लाभ निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार ही मिलेगा।
20 साल में 430 से ज्यादा विमानों का बेड़ा
IndiGo ने अपनी पहली उड़ान 4 अगस्त 2006 को दिल्ली-गुवाहाटी-इंफाल रूट पर शुरू की थी। आज कंपनी के बेड़े में 430 से अधिक विमान शामिल हैं और एयरलाइन प्रतिदिन लगभग 2,200 उड़ानों का संचालन करती है। वर्तमान में IndiGo 140 से अधिक गंतव्यों को जोड़ती है, जिनमें 97 घरेलू और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शहर शामिल हैं।
2030 तक और बड़ा होगा विस्तार
कंपनी ने आने वाले वर्षों के लिए भी बड़ा लक्ष्य तय किया है। IndiGo का लक्ष्य 2030 तक 550 से अधिक विमानों का बेड़ा तैयार करना, प्रतिदिन 3,000 उड़ानों का संचालन करना और हर साल लगभग 20 करोड़ यात्रियों को सेवा देना है। इसके साथ ही एयरलाइन अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का विस्तार करते हुए अपनी कुल क्षमता में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है।

