PM मोदी के न्योते पर गाइ पार्मेलिन का 5 से 7 अक्टूबर तक भारत दौरा, व्यापार-टेक्नोलॉजी पर होगी चर्चा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन 5 से 7 अक्टूबर तक भारत का दौरा करेंगे। यह इस साल उनकी भारत की दूसरी यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान व्यापार, टेक्नोलॉजी और निवेश जैसे कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय बातचीत होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह राष्ट्रपति पार्मेलिन की भारत की पहली राजकीय यात्रा और इस साल देश की दूसरी यात्रा होगी; इससे पहले उन्होंने नई दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के लिए फरवरी 2026 में भारत का दौरा किया था।
पीएम मोदी ने दिया था निमंत्रण
इस यात्रा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और बिजनेस लीडर्स का एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल उनके साथ होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा के लिए निमंत्रण दिया था। मंत्रालय ने बताया कि किसी भारतीय राष्ट्रपति की स्विट्जरलैंड की पिछली राजकीय यात्रा 2019 में हुई थी। उससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने 2016 में स्विट्जरलैंड की आधिकारिक यात्रा की थी और 2018 में फिर से वहां गए थे।
भारत-स्विट्जरलैंड सहयोग की प्रगति की होगी समीक्षा
मंत्रालय ने बताया कि पांच अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पार्मेलिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। दोनों नेता कई क्षेत्रों में भारत-स्विट्जरलैंड सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इनमें व्यापार, निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, गतिशीलता और संस्कृति और जनसंपर्क जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति
मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। इसके अलावा, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहयोग के बारे में भी चर्चा की जाएगी। राष्ट्रपति पार्मेलिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगी। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति पार्मेलिन से मुलाकात करेंगे।
क्यों खास है स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का दौरा
मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति पार्मेलिन का दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह 7 अक्टूबर, 2026 को दूसरे भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट में हिस्सा लेंगे। यह समिट भारत-EFTA ट्रेड एंड इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (TEPA) के लागू होने की पहली वर्षगांठ के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। EFTA देशों में स्विट्जरलैंड भारत का सबसे बड़ा व्यापार और निवेश साझेदार है।
दौरे से ये उम्मीद
मंत्रालय ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच लंबे समय से दोस्ताना संबंध रहे हैं। राष्ट्रपति पार्मेलिन की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होने और आपसी हित के नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय बातचीत को भी आगे बढ़ाएगी। (एजेंसी)

