Fri. Sep 4th, 2026

बाढ़ की तबाही के बीच बड़ी खुशखबरी, 9 दिन बाद सुरंग से सुरक्षित निकाले गए 2 मजदूर

Nepal Flood : नेपाल में बाढ़ से मची तबाही के बीच एक अच्छी खबर भी आई है। नौ दिनों से सुरंग में फंसे दो मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। नेपाल सरकार ने बताया कि शुक्रवार को दो जलविद्युत परियोजना के कर्मचारियों को सुरंगों से बाहर निकाला गया, जो 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान मलबे के नीचे दब गई थीं। बचाए गए मजदूरों के नाम संजय साह और कविर महर्जन हैं।

नेपाल के ऊर्जा मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ ने पुष्टि की है कि त्रिशुली 3ए सुरंग से एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और कुछ ही समय बाद दूसरे व्यक्ति को भी बचा लिया गया है। एएफपी ने यह जानकारी दी है। गृह मंत्री सूडान गुरुंग ने एक बयान में कहा, “हमें अभी-अभी खबर मिली है कि एक और व्यक्ति को भी बचा लिया गया है।” संजय साह नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) में मैकेनिकल फोरमैन हैं, जबकि कविर महर्जन त्रिशुली-3 ‘ए’ जलविद्युत परियोजना में सुपरवाइजर हैं।

इससे पहले, नेपाल सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजा राम बसनेट ने त्रिशूल 3ए सुरंग में चल रहे बचाव अभियान के दौरान पहले मजदूर के बचाए जाने की पुष्टि की थी। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि नेपाल की 12 जलविद्युत परियोजनाओं के लगभग 900 मजदूर लापता हैं, जिनमें से लगभग 500 के सुरंगों में फंसे होने की आशंका है।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, बचाव अभियान जारी रहने के दौरान त्रिशूल 3ए सुरंग के अंदर से और भी चीखें सुनाई दीं। इस व्यापक बचाव अभियान के तहत, इंजीनियर सुरंगों में हवा पंप कर रहे हैं ताकि अंदर फंसे लोगों को ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। देश की आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, कम से कम 1,259 लोगों की मौत हो चुकी है और 5,000 से अधिक लोग लापता हैं। चीन ने बुधवार देर रात सीमा के तिब्बती हिस्से में 21 लोगों की मौत और 541 लोगों के लापता होने की सूचना दी।(एजेंसी)

About The Author