Gold Mine Accident: सोने की खदान ढहने से दर्दनाक हादसा, 30 खनिकों की मौत; कईयों के फंसे होने की आशंका
Gold Mine Accident: सेंट्रल अफ़्रीकन रिपब्लिक (Central African Republic) के पश्चिमी इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। नाना-मामबेरे प्रीफेक्चर (Nana-Mambéré Prefecture) के अब्बा (Abba) इलाके में स्थित एक सोने की पारंपरिक खदान (Gold Mine) अचानक ढह गई। इस भीषण हादसे में कम से कम 30 खनिकों की मौत (30 Miners Dead) हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के अभी भी मलबे और गड्ढे के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
बिना आधुनिक तकनीक के चल रही थी खदान
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस खदान में यह हादसा हुआ वह एक पारंपरिक (Artisanal) खदान थी। यहां सुरक्षा मानकों और आधुनिक तकनीकों का अभाव था। खनिक बेहद असुरक्षित परिस्थितियों में सोना निकालने के लिए गड्ढों में उतरे हुए थे, तभी अचानक खदान का बड़ा हिस्सा ढह गया और कई लोग नीचे दब गए।
30 शव बरामद, डिप्टी मेयर ने मांगी मदद
इलाके के डिप्टी मेयर सुलेमान बी (Souleman B) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अब तक 30 खनिकों के शवों को बाहर निकाला जा चुका है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल खनिकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डिप्टी मेयर ने कहा:
“यह हादसा बेहद भयानक और हृदयविदारक है। हम स्वयंसेवी संगठनों (NGOs) और आम जनता से भी मदद की अपील कर रहे हैं ताकि जो लोग अभी भी गहरे गड्ढों में फंसे हुए हैं और खुद बाहर नहीं आ पा रहे हैं, उन्हें सुरक्षित निकाला जा सके।”
कीचड़ के बीच मचा कोहराम, वीडियो फुटेज आए सामने
हादसे के बाद घटनास्थल से आए फुटेज में स्थिति की भयावहता साफ देखी जा सकती है। मलबे के बीच अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। कीचड़ से सने स्थानीय युवक और महिला खनिक अपने स्तर पर भी राहत कार्य में जुटे हैं और हाथों से कीचड़ हटाकर शवों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ेगा, मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।

