Sat. Oct 3rd, 2026

आसमान में मौत को मात देने वाले पायलट कैप्टन स्मित की सेहत में सुधार: UAE भारतीय दूतावास ने साझा किया ताजा मेडिकल अपडेट

डेस्क। हवा में सैकड़ों जिंदगियों की हिफाजत करने वाले जांबाज भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। संयुक्त अरब अमीरात में स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि बेहतरीन चिकित्सकीय देखरेख के बीच कैप्टन स्मित तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

परिजनों को पूरी मदद, स्थानीय प्रशासन का सहयोग

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे कैप्टन स्मित के परिवारजनों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं। उन्हें हर जरूरी सहायता दी जा रही है। दूतावास ने कैप्टन के समुचित इलाज और विशेष देखभाल के लिए संयुक्त अरब अमीरात सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मित के बीच हुई आत्मीय मुलाकात का एक वीडियो भी दूतावास द्वारा साझा किया गया था।

30 सितंबर का वह खौफनाक मंजर

बीती 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव की उड़ान भर रहे फ्लाईदुबई के विमान  में उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब ओमानी को-पायलट ने प्लेन को अगवा करने की कोशिश की। उसने कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी से कैप्टन स्मित पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प के दौरान महज 30 सेकंड के भीतर विमान करीब 1400 फीट नीचे गोता खा गया, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।

साहस, सूझबूझ और चमत्कारिक लैंडिंग

गंभीर रूप से लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने होश नहीं खोया। उन्होंने मन ही मन हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए तुरंत कॉकपिट का दरवाजा खोला और विमान को दोबारा स्थिर कर सुरक्षित जमीन पर उतारा। दरवाजा खुलते ही सफर कर रहे एक प्लंबर और एक डेंटिस्ट समेत मुसाफिरों ने केबिन क्रू के साथ मिलकर उपद्रवी को दबोच लिया, जिससे 174 यात्रियों का जीवन सुरक्षित बच सका।

About The Author

इन्हें भी पढ़े