Mon. Sep 14th, 2026

लखनऊ में नकली पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस और आयकर विभाग की एक टीम ने मशहूर ब्रांडों के नाम पर नकली पान मसाला बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापा मारा। यह अवैध धंधा लंबे समय से मड़ियांव थाना क्षेत्र के अजीज नगर स्थित एक बंद मकान में चल रहा था। पुलिस टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में नकली मसाला, नामी कंपनियों के रैपर, पैकिंग सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनें बरामद कीं। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है।

किराए के मकान में चल रहा था पान मसाला धंधा

जिस घर में अवैध मसाला कारखाना चल रहा था, वह विपिन सिंह का था और आरोपियों ने उसे किराए पर लिया हुआ था। वे घर को बंद बताकर अंदर नकली मसाले बना रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें मुख्य रूप से रायबरेली निवासी पिंटू गुप्ता और पवन साहू शामिल थे। पूछताछ में पता चला कि गिरोह लंबे समय से इस अवैध धंधे को चला रहा था और शक से बचने के लिए शहर के घनी आबादी वाले इलाके में छुपकर काम कर रहा था।

कमला पसंद, विमल और राजश्री जैसे बड़े नामी कम्पनी के रैपर बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस को राजश्री, कमला पसंद, विमल, किशोर और एसएनके जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम वाले पैकेजिंग सामग्री, पाउच और बड़ी मात्रा में तैयार और कच्चा माल मिला। आरोपियों ने घटिया और मिलावटी सामग्रियों का उपयोग करके मसाले तैयार किए। फिर उन्होंने इन मसालों को इन प्रसिद्ध ब्रांडों के रैपर में पैक किया और उन्हें असली बताकर बाजार में बेच दिया।पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस सिंडिकेट में कच्चा माल कहां से आता था और तैयार नकली माल किन-किन जनपदों व थोक व्यापारियों को सप्लाई किया जाता था।(एजेंसी)

About The Author