PF निकालना होगा आसान, जल्द UPI से सीधे बैंक खाते में मिलेगा पैसा
EPFO जल्द नई UPI आधारित सुविधा लॉन्च कर सकता है, जिससे कर्मचारी अपने PF की पात्र राशि तुरंत बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे।
Employees’ Provident Fund Organisation यानी EPFO अपने करोड़ों सदस्यों के लिए PF निकासी प्रक्रिया को और आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही कर्मचारी अपने PF खाते से पैसा सीधे UPI के जरिए बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इस नई सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और इसे जल्द लॉन्च किए जाने की संभावना है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सदस्य अपने EPF खाते की पात्र राशि को सीधे UPI लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके लिए यूजर को अपने UPI PIN का इस्तेमाल करना होगा। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और सुरक्षित होगी, जिससे PF निकालने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
सरकार ऐसा सिस्टम तैयार कर रही है जिसमें PF खाते का कुछ हिस्सा रिटायरमेंट के लिए सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि बाकी पात्र राशि जरूरत पड़ने पर तुरंत निकाली जा सकेगी। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की रिटायरमेंट सेविंग को सुरक्षित रखना है।
UPI आधारित सिस्टम लागू होने के बाद PF की राशि खाते में आते ही कर्मचारी उसका तुरंत इस्तेमाल कर सकेंगे। यह पैसा डिजिटल पेमेंट, बैंक ट्रांसफर और ATM से कैश निकालने के लिए उपयोग किया जा सकेगा। इससे इमरजेंसी के समय फंड तक पहुंच पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।
फिलहाल PF निकालने के लिए सदस्यों को ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है। इसके बाद वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने पर राशि बैंक खाते में भेजी जाती है। हालांकि ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम के जरिए अब कई मामलों में 3 दिन के भीतर क्लेम सेटल किए जा रहे हैं। इसकी सीमा भी बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक कर दी गई है।
नए नियमों के तहत PF निकासी के लिए पात्रता अवधि को एक समान 12 महीने किया गया है। बेरोजगारी की स्थिति में कर्मचारी 75 प्रतिशत राशि तुरंत निकाल सकते हैं, जबकि बाकी 25 प्रतिशत राशि एक साल बाद मिलती है। वहीं रिटायरमेंट, विकलांगता या विदेश जाने जैसी परिस्थितियों में पूरा PF निकालने की अनुमति होगी।
पेंशन नियमों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और 58 साल की उम्र में पेंशन का प्रावधान पहले की तरह जारी रहेगा।

