Wed. Oct 14th, 2026

‘CCTV से दूर ले जाकर पीटा’: राहुल गांधी के साथ PC में छात्रों ने दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए छात्र-छात्राओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन हिरासत में लेकर पुलिस थानों में बंद किया गया और वहां उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज व मानसिक प्रताड़ना की गई। राहुल गांधी ने इन सभी आरोपों को गंभीरता से सुनते हुए पीड़ित छात्रों से कहा कि वे घटना से संबंधित सभी डिजिटल साक्ष्य और वीडियो सुरक्षित रखें ताकि दोषियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाए जा सकें।

‘दिल्ली पुलिस तुम्हारी पापा है’ कहलवाने का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी बात रखते हुए एक छात्रा ने दावा किया कि पुलिस हिरासत में उनके साथ घोर दुर्व्यवहार किया गया। छात्रा का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उस पर यह वाक्य दोहराने के लिए दबाव डाला कि ‘दिल्ली पुलिस उनकी पापा है।’ राहुल गांधी द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस व्यवहार से डर गई थी, छात्रा ने स्पष्ट किया कि पहले डर जरूर लगा था, लेकिन अब वह किसी भी दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं है।

बिना कैमरों वाली जगह पर ले जाकर पेट पर लातें मारने का आरोप

छात्रा आदिरा ने थाने के भीतर की स्थिति बयां करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने के ऐसे हिस्से में ले जाकर मारा जहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन-चार पुलिसकर्मी लगातार उन पर हमला करते रहे और उनके पेट के निचले हिस्से पर लात मारी गई। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा कि उन्होंने कोई जुर्म नहीं किया है, तो पुलिसकर्मी हंसते हुए लगातार पिटाई करते रहे।

कंटेंट क्रिएटर रमित और छात्र धर्मेंद्र ने बताई आपबीती

कंटेंट क्रिएटर रमित ने आरोप लगाया कि 11 अक्टूबर को लाठी-डंडों से लैस कुछ लोगों की शिकायत पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनका फोन छीन लिया, बुरी तरह पीटा और मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं थी। वहीं प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र ने कहा कि थाने में लात-घूंसों और थप्पड़ों से उनकी पिटाई की गई और उन पर पैसे लेकर प्रदर्शन में शामिल होने का झूठा इल्जाम मढ़ा गया। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने यहां तक कह दिया कि कोई भी नेता उन्हें बचाने नहीं आ सकेगा।

‘बता, बनाऊं तुझे नेता’: पैरों पर लाठियां बरसाने का आरोप

एक अन्य प्रदर्शनकारी छात्रा ने दावा किया कि थाने के भीतर पुलिसकर्मियों ने उनका मजाक उड़ाते हुए पूछा कि ‘बता, तेरा नेता राहुल गांधी अब कहां गया।’ छात्रा के अनुसार, उनके पैरों पर डंडे बरसाए गए और ‘बनाऊं तुझे नेता’ जैसे तंज कसे गए। छात्रा ने कहा कि उसने पुलिसकर्मियों को साफ कह दिया कि अगली बार प्रदर्शन में फिर मिलेंगे और यह कुरुक्षेत्र की लड़ाई है जिसे वे जीतकर ही रहेंगे।

राहुल गांधी बोले: सबूत जुटाएं, हर जिम्मेदार की तय होगी जवाबदेही

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में राहुल गांधी ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि यह देश का लोकतांत्रिक संघर्ष है। उन्होंने सभी छात्रों से अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के वीडियो और साक्ष्य साझा करने की अपील की। राहुल गांधी ने जोर देकर कहा कि इस मामले को कानूनी और राजनीतिक स्तर पर पूरी मजबूती से उठाया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से लेकर बर्बरता करने वाले पुलिस कॉन्स्टेबल तक सभी की जवाबदेही तय कराई जाएगी।

About The Author