Tue. Jun 2nd, 2026

दिल्ली पर गहराया जल संकट, सूखी यमुना, अब बूंद-बूंद को तरसेंगे लोग

Delhi water crisis : दिल्ली के 9 वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स इन दिनों पानी की कमी और पावर कट से प्रभावित हैं। सोनिया विहार प्लांट में रविवार रात पावर कट के चलते कई घंटों तक पानी उत्पादन बंद रहा। राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास और दूसरे वीवीआईपी इलाके में जिस चंद्रावल प्लांट से पानी सप्लाई होता है। इस प्लांट की कुल क्षमता 94 एमजीडी है।

जल बोर्ड के अफसरों के अनुसार, वजीराबाद प्लांट पानी की कमी से सबसे अधिक प्रभावित है। प्लांट में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से यमुना से होती है, लेकिन यमुना में पानी काफी कम है।

वजीराबाद रिजर्वायर पूरी तरह से सूख चुका है। रिजर्वायर के आसपास यमुना में जो पानी है, उसे रिजर्वायर और वहां से प्लांट तक ले जाने के लिए सिंचाई और बाढ़ विभाग से जल बोर्ड ने मास्टर वॉटर ड्रेजिंग मशीन मंगाई है।

सोमवार को वजीराबाद बैराज के दोनों तरफ जितना पानी जमा था, उसे रिज़र्वायर तक लाने के लिए मशीन से खुदाई शुरू की गई।करीब 7 से 10 फीट गहरा चैनल बनाया जा रहा है। अगर इतनी गहराई पर भी पानी नहीं आएगा, तो चैनल की गहराई थोड़ी और बढ़ाई जाएगी।सीएलसी कैनाल से वजीराबाद प्लांट में करीब 80-90 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है। इसमें से आधे से अधिक पानी चंद्रावल प्लांट में भी भेजा जा रहा है।

इन इलाकों, में जल उत्पादन प्रभावित

अफसरों के अनुसार, सोनिया विहार प्लांट में अपर गंगा कैनाल से पानी की आपूर्ति सामान्य है।लेकिन, बार-बार पावर कट के चलते उत्पादन प्रभावित हो रहा है।इस प्लांट से रोजाना करीब 140 एमजीडी पानी सप्लाई होता है, जो सोनिया विहार, यमुना विहार, करावल नगर, गोकुलपुरी, दिलशाद गार्डन, भजनपुरा और खजूरी, पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी, मयूर विहार, त्रिलोकपुरी, कोंडली, विनोद नगर, मंडावली, लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, साउथ दिल्ली के ग्रेटर कैलाश, साकेत, मालवीय नगर, पंचशील, देवली, वसंत कुंज, महरौली इन सभी इलाकों में सप्लाई होता है।

पावर कट के चलते पानी उत्पादन कम होने से इन सभी इलाकों में भी पानी की किल्लत बनी हुई है। रविवार रात प्लांट में पावर कट के चलते करीब 5-6 घंटे तक पानी उत्पादन प्रभावित रहा।

घरों में 20 दिन हो गए नलों में एक बूंद पानी नहीं आया

अपार्टमेंट में रहने वाली शिल्पी का कहना है कि करीब 20 दिन हो गए नलों में एक बूंद पानी नहीं आया। लोग बार-बार जल बोर्ड में शिकायत कर रहे हैं लेकिन, कोई सुनने वाला नहीं है। लोग पानी खरीदकर पी रहे हैं। अरविन्द का कहना है कि किसी भी फ्लैट में कई दिनों से एक बूंद भी पानी नहीं आ रहा है। गोविंदपुरी, देवली, खानपुर, दक्षिणपुरी और आसपास के सभी इलाकों में पानी की भारी किल्लत है।

झुग्गी बस्तियों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

जहां झुग्गी, वहीं मकान स्कीम सरकार ने शुरू तो कर दिया है लेकिन, बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोग फ्लैटों में शिफ्ट करने से कतरा रहे हैं। आशा किरण अपार्टमेंट का भी यही हाल है। यहां पानी कनेक्शन के लिए जल बोर्ड ने नई पाइप लाइन बिछा दी है। लेकिन, जल बोर्ड के पास इतना पानी ही नहीं है कि फ्लैटों में सप्लाई वॉटर दिया जाए। इसलिए अस्थायी व्यवस्था के तहत टैंकरों से पानी सप्लाई किया जा रहा है।(एजेंसी)

About The Author