उन्नाव की मजदूर की बेटी को मिला 20 करोड़ का आयकर नोटिस, परिवार के उड़ गए होश
उत्तरप्रदेश : उन्नाव जिले की एक स्नातक छात्रा को शुक्रवार को आयकर विभाग से 20.98 करोड़ की कथित आय और बिजनेस ट्रांजैक्शन के मामले में समन मिला। छात्रा का दावा है कि दिल्ली की एक धोखाधड़ी करने वाली कंपनी ने उसके आधार और पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल किया। गिरजाबाग इलाके की रहने वाली रश्मि सविता ने बताया कि आयकर विभाग (चंडीगढ़) ने उसके खिलाफ आयकर अधिनियम की धारा 131 (1ए) के तहत एक समन जारी किया था, जिसमें पांच मई तक जवाब मांगा गया था।
छात्र के अनुसार, समन में कथित तौर पर 20.98 करोड़ की आय और व्यावसायिक लेन-देन के बारे में जानकारी मांगी गई थी। रश्मि ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाने पर उन्हें पता चला कि ‘RS एंटरप्राइजेज’ नाम की एक कंपनी कथित तौर पर उनके आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में काम कर रही थी।
छात्रा ने कहा – उसे इस कंपनी की कोई जानकारी नहीं
छात्रा के अनुसार, कंपनी ने 15 जनवरी, 2025 को परिचालन शुरू किया और नौ मई, 2025 को बंद कर दिया गया। उसने कहा कि उसे इस कंपनी या इससे जुड़े किसी भी व्यवसाय के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
दिहाड़ी मजदूर हैं रश्मि के पिता
रश्मि के पिता, अजय शंकर, दिहाड़ी मजदूर हैं। परिवार का कहना है कि उसने न तो कोई कंपनी बनाई और न ही करोड़ों रुपये का कोई कारोबार किया। उन्हें शक है कि किसी ने धोखाधड़ी करके उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कंपनी बनाने और पैसों का लेन-देन करने के लिए किया है। छात्रा ने आयकर विभाग को अपना जवाब सौंप दिया है। इसके अलावा, उसने अपने आधार और पैन कार्ड के गलत इस्तेमाल को लेकर सार्वजनिक शिकायत पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई है। उसने पुलिस से इस मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करने की औपचारिक मांग भी की है। (एजेंसी)

