Tue. May 26th, 2026

AI Fingerprint Theft: क्या आपकी तस्वीरों से चुराए जा रहे हैं फिंगरप्रिंट? बढ़ा साइबर स्कैम का खतरा

AI Fingerprint Theft: क्या आप भी सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करते समय अक्सर ‘विक्ट्री’ या ‘पीस’ (उंगलियों से V आकार बनाना) साइन दिखाते हैं? अगर हाँ, तो अपनी यह आदत तुरंत बदल लीजिए। इंटरनेट पर आई एक ताजा और बेहद चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर क्रिमिनल्स अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आपकी तस्वीरों से उंगलियों और अंगूठे के निशान (फिंगरप्रिंट) चुरा रहे हैं। यही वजह है कि अब समझदार लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी हथेलियां दिखाते हुए तस्वीरें पोस्ट करना बंद कर दिया है।

5 फीट की दूरी और आपका फिंगरप्रिंट चोरी!

साइबर सुरक्षा एक्सपर्ट्स के मुताबिक, अगर आपकी कोई ऐसी फोटो खींची गई है जिसमें आपकी उंगलियां कैमरे की तरफ हैं और कैमरे की दूरी 5 फीट या उससे कम है, तो आपके लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। आज के आधुनिक स्मार्टफोन के हाई-क्वालिटी कैमरे और एडवांस AI टूल्स तस्वीरों में छिपी बारीक से बारीक डिटेल को एकदम साफ कर देते हैं। हैकर्स इन तस्वीरों का इस्तेमाल करके आपके फिंगरप्रिंट का हूबहू डिजिटल क्लोन तैयार कर सकते हैं, जिससे आपके बायोमेट्रिक लॉक और बैंक अकाउंट आसानी से हैक किए जा सकते हैं।

यह कोई नया तरीका नहीं, लेकिन AI ने इसे बनाया आसान

तस्वीरों से फिंगरप्रिंट चुराने का विचार बिल्कुल नया नहीं है, लेकिन पहले धुंधली तस्वीरों के कारण ऐसा करना मुश्किल था:

साल 2014 में एक जर्मन रिसर्चर ने सामान्य तस्वीरों का इस्तेमाल करके जर्मनी की रक्षा मंत्री के फिंगरप्रिंट की नकल तैयार कर ली थी।

साल 2021 में कुछ शोधकर्ताओं ने सामान्य तस्वीर, गोंद (Glue) और फोटोशॉप की मदद से बायोमेट्रिक स्कैनर को चकमा देने में कामयाबी हासिल की थी।

अब AI के आने से यह काम हैकर्स के लिए बेहद आसान और सटीक हो गया है।

इसके बावजूद Apple, Google और Samsung जैसी दिग्गज कंपनियां आज भी फिंगरप्रिंट स्कैनर का इस्तेमाल करती हैं, क्योंकि यह पासवर्ड के मुकाबले यूजर्स के लिए फास्ट और सुविधाजनक होता है।

हैकिंग से खुद को कैसे रखें सुरक्षित?

अगर आप अपने बैंक खातों और जरूरी ऐप्स को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इन बातों का विशेष ध्यान रखें:

  • पोज बदलते रहें: अपनी तस्वीरों में पीस साइन या हथेलियां दिखाकर पोज देना तुरंत बंद करें।
  • दिशा बदलें: फोटो खिंचवाते समय फिंगरप्रिंट वाली साइड (उंगलियों के अंदर का हिस्सा) कैमरे की जगह अपनी तरफ रखें।
  • क्लोज-अप शॉट्स से बचें: ऐसी क्लोज-अप तस्वीरें न लें या शेयर न करें जिसमें आपकी उंगलियां कैमरे के सामने बिल्कुल साफ-साफ दिखाई दे रही हों।
  • टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन: जरूरी ऐप्स, डिजिटल वॉलेट और बैंक खातों की सुरक्षा के लिए सिर्फ फिंगरप्रिंट लॉक पर निर्भर न रहें। इसके साथ हमेशा सेकेंडरी पिन, पासवर्ड या कोड (Two-Step Verification) का इस्तेमाल करें।

About The Author