ऐसा विरोध पहले नहीं देखा होगा! सड़क के गड्ढों में शुरू कर दिया मछली पालन
बिल्हा विधानसभा के कड़ार सेवार गांव में वर्षों से खराब सड़क को लेकर कांग्रेस का विरोध
बिलासपुर। जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भरे पानी को तालाब का रूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से मछली पालन किया तथा जाल डालकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बारिश के मौसम में सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार दुर्घटनाएं होने की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत और निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सामने मांग रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन सौंपने और शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी उपेक्षा के विरोध में यह सांकेतिक प्रदर्शन आयोजित किया गया, ताकि शासन और प्रशासन तक ग्रामीणों की आवाज पहुंच सके।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क की जल्द मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों ने भी सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

