BPSC TRE-4 का इंतजार खत्म! 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 1 सितंबर से फॉर्म
पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने Teacher Recruitment Examination-4 (TRE-4) के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य में कुल 32,388 शिक्षक पदों को भरा जाएगा। TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में नोटिफिकेशन जारी होने को प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
1 सितंबर से भर सकेंगे TRE-4 का फॉर्म
BPSC TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 रखी गई है। वहीं, आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 29 सितंबर 2026 है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
32,388 शिक्षक पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत बिहार में कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। पदों से संबंधित योग्यता, विषयवार रिक्तियां, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी BPSC के आधिकारिक विज्ञापन में दी गई है। फिलहाल आयोग ने TRE-4 परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ा अपडेट बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
छात्रों के आंदोलन के बीच जारी हुआ नोटिफिकेशन
TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी काफी समय से पटना के गर्दनीबाग में धरना दे रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में देरी होने से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि जल्द विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी बीच BPSC की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।

सिर्फ नोटिफिकेशन से खत्म नहीं हुई छात्रों की मांग
TRE-4 का विज्ञापन जारी होने के बाद भी प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की कई मांगें बनी हुई हैं। छात्र एकल स्तरीय परीक्षा आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई, BSSC की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, आवास नीति और STET परीक्षा आयोजित कराने जैसी मांगें भी प्रदर्शनकारियों की ओर से उठाई गई हैं। छात्र नेताओं ने परीक्षा माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

