Fri. Sep 4th, 2026

दमाम से दिल्ली आ रही फ्लाइट में बम की धमकी, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया विमान

दमाम से दिल्ली जा रही फ्लाइट में बम की धमकी, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया विमान

अहमदाबाद: अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय (SVP) हवाई अड्डे पर उस समय दहशत और भय का माहौल छा गया जब एयर इंडिया की एक फ्लाइट को बम की धमकी मिली। सऊदी अरब के दमाम से नई दिल्ली आ रही इस फ्लाइट में संदिग्ध संदेश मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने तुरंत विमान को अहमदाबाद में आपातकालीन लैंडिंग करने का निर्देश दिया।

टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा हुआ था ‘BOMB’

खबरों के मुताबिक, विमान के हवा में रहते हुए, वॉशरूम या केबिन क्षेत्र में एक टिश्यू पेपर मिला जिस पर हाथ से “बम” लिखा हुआ था। इसे देखते ही चालक दल के सदस्यों ने तुरंत पायलट को सूचित किया। सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए, पायलट ने पास के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर स्थित ATC से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

32 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बाहर

लैंडिंग की अनुमति मिलते ही हवाई अड्डे के प्रशासन ने तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया। विमान के रनवे पर उतरते ही उसे मुख्य टर्मिनल से दूर एक अलग स्थान पर ले जाया गया। विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और विशेष बस द्वारा टर्मिनल भवन तक पहुंचाया गया।

बम डिस्पोजल स्क्वॉड द्वारा गहन चेकिंग

आपातकालीन सूचना मिलते ही सीआईएसएफ(CISF), बम निरोधक दस्ते (BDS), खोजी दल और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी यात्रियों के सामान को अलग करके उनकी जांच की गई। पूरे विमान, कार्गो क्षेत्र और सीटों का गहन निरीक्षण किया गया। गहन जांच के बाद विमान में कोई संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु न मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों और हवाई अड्डे के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं और टिश्यू पेपर पर लिखने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। (एजेंसी)

About The Author