Sat. Aug 22nd, 2026

ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बेकाबू बस ने रौंदा, 5 की मौत; छठिहार की खुशियां मातम में बदलीं

बिहार

बिहार के चंपारण में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने छठिहार समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच तेज रफ्तार शाही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं।हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और समारोह का माहौल पलभर में चीख-पुकार में बदल गया।

छठिहार समारोह में लगा था ऑर्केस्ट्रा

बताया गया कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार रात छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। घर एनएच-727 के किनारे स्थित होने के कारण कार्यक्रम के दौरान बाहर ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। ऑर्केस्ट्रा देखने के लिए आसपास के लोग सड़क किनारे जमा थे। रात करीब 11 बजे लौरिया की ओर से आ रही शाही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी भीड़ को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गई।

तेज रफ्तार बस ने लोगों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक भी गुजर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बस अनियंत्रित हो गई। चालक बस को संभाल पाता, उससे पहले ही वह सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस के भीड़ में घुसते ही मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

READ MORE : 48 घंटे का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो जयपुर में शुरू होगा बड़ा आंदोलन: अभिजीत दीपके

पांच लोगों की मौत, मृतकों की पहचान

हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया है। जिस समारोह में परिवार और आसपास के लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं हादसे के बाद चीख-पुकार और शोक का माहौल बन गया।

About The Author