भोपाल में गरमाया सियासी पारा: मिसाइल वाले बयान पर ओवैसी और रामेश्वर शर्मा में तकरार, कांग्रेस ने बताया दोनों का ‘फिक्स ड्रामा’
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजनीतिक बयानबाजी का स्तर उस वक्त बेहद नीचे गिर गया, जब बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा और एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी आमने-सामने आ गए। रामेश्वर शर्मा के ‘मिसाइल’ वाले पुराने बयान को लेकर दोनों नेताओं ने मंच से एक-दूसरे पर तीखे और आपत्तिजनक जुबानी तीर चलाए। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस पूरे विवाद को जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने की सुनियोजित साजिश करार दिया है।
ओवैसी का मंच से वार: ‘काजी कैंप पर मिसाइल गिराने का दम है तो बताओ’
भोपाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा पर सीधा निशाना साधा। ओवैसी ने मंच से कहा कि बीजेपी विधायक करोंद चौराहे से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि अगर तुम माई के लाल हो तो बताओ कब लॉन्च करोगे? मैं अकेला काजी कैंप में ठहरता हूं, तुम्हारे अंदर दम है तो गिराकर दिखाओ।
रामेश्वर शर्मा का आक्रामक पलटवार
ओवैसी के बयान पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कड़े शब्दों में पलटवार किया और भाषा की मर्यादा का हवाला देते हुए तीखा जवाब दिया। विधायक ने कहा कि बैरिस्टर होने के नाते ओवैसी को अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों की मिसाइल भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीमा पार आतंकियों के ठिकानों पर गिराकर दिखा दी है। जब वहां मिसाइल गिरी, तो सीमा पार आतंकी रोए और यहां नए-नए जिन्ना छाती पीट रहे हैं।
ओवैसी के मध्य प्रदेश में सक्रिय होने पर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अगर उनमें राजनीतिक औकात है, तो वे एमपी की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ें, जनता उन्हें आईना दिखा देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण कर आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ देश की लड़ाई को कमजोर करना चाहते हैं।
कांग्रेस का वार: ‘संघी और मुसंघी की राजनीति, जनता को भटकाने की स्क्रिप्ट’
दोनों नेताओं के बीच छिड़ी इस जुबानी जंग पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तीखा तंज कसा है और दोनों को एक ही सिक्के के दो पहलू बताया।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने कहा कि समाज में ऐसी नफरती और अभद्र भाषा का कोई स्थान नहीं है। यह सिर्फ ध्यान भटकाने की राजनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही जगह से स्क्रिप्ट लिखी जाती है, जिसका एक हिस्सा ‘संगी’ को और दूसरा हिस्सा ‘मुसंघी’ को थमा दिया जाता है, ताकि लोग महंगाई, बेरोजगारी और बदहाली पर बात न करें।
राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने ओवैसी को सीधे तौर पर बीजेपी की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी का काम हिंदू मतदाताओं को उकसाना है और ओवैसी का काम मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करना है। उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में असली मुद्दा बदहाल शिक्षा व्यवस्था का है, जिसके लिए राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ संवाद के जरिए युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं।

