Mon. Jun 8th, 2026

देशभक्ति के रंग में रंगा अटारी-वाघा बॉर्डर, एआर रहमान के शो ने बनाया रिकॉर्ड

Attari Border:  ऑस्कर अवॉर्ड विनर म्यूजिशियन एआर. रहमान ने रविवार को पंजाब में अटारी-वाघा बॉर्डर पर पहली बार लाइव परफॉर्मेंस देकर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को म्यूजिक के जरिए सलामी दी। फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने अपनी फिल्म मैं वापस आऊंगा को प्रमोट करने का अनोखा तरीका खोज निकाला है। वो फिल्म के म्यूजिक कंपोजर ए आर रहमान और सिंगर मोहित चौहान के साथ अटारी वाघा बॉर्डर पहुंचे। ए आर रहमान ने पहली बार अटारी बॉर्डर पोस्ट पर लाइव परफॉर्मेंस दी। ये कॉन्सर्ट देश के बहादुर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को समर्पित था।

“जय हो: बहादुर सैनिकों को संगीतमय सलामी” शीर्षक से आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह में संयुक्त चेक पोस्ट (जेसीपी) स्टेडियम में देश के बहादुर सैनिकों को संगीतमय सलामी दी गई। यह कार्यक्रम फिल्म निर्माता इम्तियाज अली की आगामी फिल्म “मैं वापस आऊंगा” की रिलीज से पहले आयोजित किया गया था, जो भारत-पाकिस्तान सीमा और विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।

अटारी बॉर्डर पर गूंजा वंदे मातरम

अटारी बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान आयोजित “जय हो – वीरों को संगीतमय श्रद्धांजलि” कार्यक्रम के लिए हजारों दर्शक जेसीपी स्टेडियम में जमा हुए। सभी ए.आर. रहमान और मोहित चौहान की प्रस्तुति सुनने के लिए उत्साहित थे। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म “मैं वापस आऊंगा” के कई गाने गाए।

लेकिन रहमान के शो का सबसे बड़ा आकर्षण उनका गीत वंदे मातरम था। अटारी सीमा पर हुए इस कॉन्सर्ट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इनमें रहमान अपनी टीम के साथ मशहूर वंदे मातरम गीत गाते नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद हजारों लोग गायक की धुन पर नाच रहे हैं। लेकिन जैसे ही गीत की मुख्य पंक्ति आती है, सभी अपनी सीटों से उठ खड़े होते हैं और जोर-जोर से वंदे मातरम गाने लगते हैं।

सोशल मीडिया पर इस पल की खूब सराहना हो रही है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर खड़े होकर ए.आर. रहमान ने वंदे मातरम जैसा जोशीला देशभक्ति गीत गाया। लोग इसे देखकर काफी हैरान हैं। उनका कहना है कि गायक के गीत ने उन्हें रोंगटे खड़े कर दिए।

इवेंट की शुरुआत भावपूर्ण धुन ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से

एआर रहमान ने हजारों दर्शकों की मौजूदगी में इस खूबसूरत म्यूजिकल इवेंट की शुरुआत भावपूर्ण धुन ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ से की। इसके बाद कार्यक्रम ‘मैं वापस आऊंगा’ के गाने परफॉर्म किए गए।

फिल्म में विभाजन से पहले भारत के एक युवा की भूमिका निभा रहे वेदांग रैना

इम्तियाज़ अली की फिल्म “मैं वापस आऊंगा” भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावपूर्ण कहानी है, जो उस दौर के लोगों की यादों और अनुभवों से प्रेरित है। यह कहानी टूटे रिश्तों, अधूरे प्यार और दिलों में बसे दर्द को दर्शाती है। अटारी सीमा पर घटी यह घटना विशेष महत्व रखती है। इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी वाघ और नसीरुद्दीन शाह हैं। कुछ वक्त पहले ही इम्तियाज की फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था, जो लोगों को काफी इमोशनल भी कर गया था। अब देखना है कि जब ये रिलीज होगी, तब क्या लोग इसे प्यार देंगे या नहीं। मैं वापस आऊंगा फिल्म 12 जून को रिलीज होगी।

फिल्म के गीत ‘मस्कारा’ को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया। वेदांग रैना इस फिल्म में विभाजन से पहले भारत के एक युवा की भूमिका निभा रहे हैं। इसके बाद सिंगर मोहित चौहान ने पूजा तिवारी और नरगिस के साथ मिलकर ‘इश्क मस्ताना’ गीत पेश किया। कार्यक्रम का समापन रहमान के प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

‘हमारे वीर जवानों, बीएसएफ और भारतीय सेना के प्रति सम्मान’

बताया जाता है कि इस मौके पर इम्तियाज अली ने अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और कहा, ‘यह एक बेहद अनोखा आयोजन है। यह प्रस्तुति राष्ट्र भावना, सीमा पर तैनात हमारे वीर जवानों, बीएसएफ और भारतीय सेना के प्रति सम्मान और उस एकजुटता और प्रेम की भावना को समर्पित है जो हम सभी को एक साथ बांधती है। इस मंडली का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, और यह जादुई है कि यह आयोजन मैं वापस आऊंगा फिल्म की रिलीज के करीब हो रहा है।’ (एजेंसी)

 

About The Author