अरुणाचल प्रदेश: बाढ़ में लापता 19 ITBP जवान सुरक्षित बेस कैंप लौटे, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिले में रविवार को आई अचानक बाढ़ में लापता हुए ITBP के उन्नीस जवान अपने बेस कैंप पहुंच गए हैं। बाढ़ के दौरान ITBP की चौकी जलमग्न हो गई और क्षतिग्रस्त हो गई। सभी 19 जवान सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं है। अरुणाचल प्रदेश में यह स्थिति बादल फटने के बाद उत्पन्न हुई। अचानक हुई बारिश से राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसका असर पड़ोसी राज्य असम में भी महसूस किया जा रहा है।
दामिन हेडक्वार्टर के एडीसी प्रांजल बोरा पूरे बचाव अभियान का समन्वय कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, आईटीबीपी के जवान पैदल लौट रहे हैं और आज दामिन हेडक्वार्टर पहुंचने की उम्मीद है। स्थानीय विधायक पानी ताराम बाढ़ प्रभावित दामिन और पारसी पारलो उपमंडलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। प्रशासन राहत और बचाव ऑपरेशन के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। बीते दिनों से अरुणाचल प्रदेश के कम से कम तीन जिले अचानक आई बाढ़ की चपेट में हैं। कुरुंग कुमे, कामले, पक्के केसांग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए है।
असम में भी बाढ़ से हालात खराब
अरुणाचल प्रदेश से सटे असम में भी बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है। राज्य में बाढ़ की पहली लहर में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अब तक 35,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं और अगर पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश में बारिश जारी रहती है तो यह संख्या और बढ़ सकती है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया, “बाढ़ से 37,032 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें लखीमपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 35,696 लोग प्रभावित हुए हैं।”बाढ़ के पानी से छह जिले प्रभावित हुए हैं। सोनितपुर, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, धेमाजी, जोरहाट और शिवसागर, जिससे 12 राजस्व सर्कल और 99 गांव जलमग्न हो गए हैं। (एजेंसी)

