Tue. Jun 2nd, 2026

अन्नामलाई ने बीजेपी से दिया इस्तीफा: शाह से मुलाकात कर आधे घंटे तक की बातचीत

अन्नामलाई

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा देकर अलग होने का फैसला ले लिया है। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

नितिन नबीन को सौंपा इस्तीफा, शाह से भी हुई मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर औपचारिक रूप से इस्तीफा सौंपा। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की, जो करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चली। इस मुलाकात को उनके फैसले के बाद बेहद अहम माना जा रहा है।

पार्टी से पूरी तरह अलग होने का फैसला

बताया जा रहा है कि अन्नामलाई ने साफ कर दिया है कि वे अब भाजपा में अपनी आगे की भूमिका नहीं देख रहे हैं और पार्टी से अलग होकर नया रास्ता अपनाना चाहते हैं। उनके इस फैसले के बाद संगठन में भी चर्चा तेज हो गई है।

नेतृत्व की कोशिश, रोकने की कवायद जारी

हालांकि भाजपा नेतृत्व की ओर से उन्हें मनाने की कोशिशें जारी हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई अहम जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया जा रहा था, ताकि वे संगठन से जुड़े रहें, लेकिन अब उनके इस्तीफे के बाद स्थिति बदल गई है।

तमिलनाडु की राजनीति में असर

अन्नामलाई का यह कदम भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। तमिलनाडु में उनकी मजबूत पकड़ और युवा वर्ग में लोकप्रियता को देखते हुए उनके अलग होने से राज्य की राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।

IPS से लेकर राजनीति तक का सफर

पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे के. अन्नामलाई 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे और 2021 से 2025 तक तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे। संगठन विस्तार और युवाओं के बीच उनकी खास पहचान रही है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी से अलग होने के बाद अन्नामलाई आगे किस राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाते हैं।

About The Author