Sat. May 16th, 2026

Child Birth Scheme: ज्यादा बच्चे पैदा करने पर मिलेगा इनाम, तीसरे और चौथे बच्चे पर सरकार देगी हजारों रुपए

आंध्र प्रदेश सरकार ने जनसंख्या बढ़ाने के लिए नई योजना का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तीसरे और चौथे बच्चे के जन्म पर आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.

आंध्र प्रदेश सरकार ने जनसंख्या संतुलन को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए नई योजना का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री N. Chandrababu Naidu ने घोषणा की है कि राज्य में तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.

 

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के दौरान की. उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस योजना को लागू करेगी और अगले एक महीने में इससे जुड़ी विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी.

 

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि राज्य में लगातार गिरती जन्म दर को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य या देश की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हर महिला औसतन 2.1 बच्चों को जन्म दे. अगर यह दर लगातार घटती रही तो भविष्य में राज्य की अर्थव्यवस्था और कार्यबल पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.

 

उन्होंने यह भी कहा कि आजकल कई परिवार सिर्फ एक बच्चा रखने का फैसला कर रहे हैं क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है और वे मानते हैं कि एक बच्चा ही पर्याप्त है. कुछ परिवार दूसरा बच्चा तभी चाहते हैं जब पहला बेटा न हो. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस सोच के कारण जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार कम हो रही है.

 

मुख्यमंत्री नायडू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को बोझ नहीं बल्कि संपत्ति समझना चाहिए. उन्होंने कहा कि बच्चे देश और समाज के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं और सरकार इस सोच को बदलने का प्रयास करेगी.

 

इससे पहले मार्च 2025 में आंध्र प्रदेश सरकार दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने की योजना पर विचार कर रही थी, लेकिन बाद में सरकार ने अपने प्रस्ताव में बदलाव करते हुए तीसरे और चौथे बच्चे पर आर्थिक सहायता देने का फैसला किया.

 

अब लोगों की नजर सरकार द्वारा जारी होने वाली आधिकारिक गाइडलाइन और योजना की लॉन्चिंग तारीख पर टिकी हुई है.

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े