Airtel का फैमिली प्लान: एक रिचार्ज में 2 SIM, अनलिमिटेड कॉलिंग-डेटा और OTT का फायदा
Airtel Family Plan Recharge: बढ़ती लागत का असर मोबाइल रिचार्ज प्लान पर भी दिख रहा है। कंपनियों ने ज्यादातर सस्ते प्लान बंद कर दिए हैं या उनके दाम बढ़ा दिए हैं। जिन प्लान की कीमतें नहीं बदली हैं, उनमें मिलने वाले फायदे कम कर दिए गए हैं। हालांकि, इस बीच आपके पास फैमिली प्लान चुनने का भी विकल्प है। फैमिली प्लान का मुख्य फायदा यह है कि एक ही रिचार्ज से पूरे परिवार के सिम कार्ड का काम चल जाता है। अगर आप एयरटेल के ग्राहक हैं, तो यहां एक सस्ता फैमिली रिचार्ज प्लान है जिससे आप अतिरिक्त सिम कार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं।
एयरटेल के एंट्री-लेवल फैमिली पोस्टपेड प्लान की कीमत ₹699 है। ध्यान देने वाली बात यह है कि कंपनी पहले ₹549 का पोस्टपेड प्लान देती थी, लेकिन कुछ समय पहले उसे बंद कर दिया गया। अब, यूजर्स के लिए ₹699 वाला ऑप्शन शुरुआती प्लान है। इस एक रिचार्ज में पति और पत्नी, दोनों के लिए सिम कार्ड शामिल हैं। हालांकि, अगर आप इंडिविजुअल प्लान लेना चाहते हैं, तो आप ₹449 प्रति महीने वाला प्लान चुन सकते हैं, लेकिन इसमें आपको फैमिली प्लान के फायदे नहीं मिलेंगे। आइए, हम आपको दोनों प्लान की डिटेल बताते हैं।
Airtel का 449 रुपये वाला प्लान
एयरटेल का सबसे बेसिक पर्सनल प्लान ₹449 प्रति महीने का है; हालांकि, इस पर 18% GST भी लगेगा। इस एंट्री-लेवल प्लान में ग्राहकों को बिना किसी डेली लिमिट के अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा मिलता है। इसमें देश भर में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड लोकल, STD और नेशनल रोमिंग कॉल की सुविधा भी शामिल है। इसके अलावा, इस प्लान में हर दिन 100 फ्री SMS मिलते हैं और हाई-स्पीड इंटरनेट के लिए फास्ट लेन टेक्नोलॉजी (5G स्लाइसिंग) का सपोर्ट भी मिलता है।
ग्राहकों को 6 महीने के लिए मुफ्त Google One (100GB क्लाउड स्टोरेज), 3 महीने के लिए Airtel Xstream Play Premium (22 से अधिक OTT प्लेटफॉर्म्स का एक्सेस), पूरे 1 साल के लिए Adobe Express Premium का एक्सेस मिलता है। इसके अलावा फ्री हैलो ट्यून्स और हवाई यात्रा के दौरान सामान खोने पर नजर रखने वाली खास ‘ब्लू रिबन बैग’ सर्विस मिलती है। आपके फोन को सुरक्षित रखने के लिए इसमें स्पैम कॉल्स प्रोटेक्शन, फर्जी और फ्रॉड लिंक्स ब्लॉकिंग और OTP अलर्ट जैसी एडवांस सिक्योरिटी सुविधाएं शामिल की गई हैं।
Airtel का फैमली पोस्टपेड प्लान
अगर आप परिवार के दो सदस्यों के लिए बजट-फ्रेंडली प्लान ढूंढ रहे हैं, तो आप ₹699 प्रति माह (+ GST) वाले प्लान को चुन सकते हैं। इसका मतलब है कि प्रति यूजर लगभग ₹350 का खर्च आएगा। इस फैमिली प्लान में कुल दो सिम कनेक्शन (एक प्राइमरी और एक फ़्री ऐड-ऑन) मिलते हैं। दोनों सदस्यों को अनलिमिटेड हाई-स्पीड 4G/5G डेटा के साथ-साथ अनलिमिटेड लोकल और रोमिंग कॉलिंग की सुविधा भी मिलती है।
एंटरटेनमेंट के लिए पूरे 6 महीने का Amazon Prime Mobile सब्सक्रिप्शन, 1 साल के लिए JioHotstar Mobile का मुफ्त एक्सेस दिया जाता है। साथ ही 6 महीने का Google One (100GB स्टोरेज), 3 महीने का Airtel Xstream Play Premium और 12 महीने का Adobe Express Premium का एक्सेस फ्री दिया जाता है। इसके साथ ही इसमें इंडिविजुअल प्लान वाले सभी सेफ्टी फीचर्स और हैलो ट्यून्स की सुविधा भी मिलती है।
फैमली पोस्टपेड प्लान की शर्तें
ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से इस फैमिली प्लान में 9 और ऐड-ऑन कनेक्शन जोड़ सकते हैं। हर नए अतिरिक्त पेड सिम के लिए ग्राहकों को हर महीने ₹349 का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इसके अलावा, इंटरनेट वाले गैजेट्स (जैसे टैबलेट या स्मार्टवॉच) के लिए ₹149 प्रति महीने में सिर्फ डेटा वाला ऐड-ऑन सिम भी लिया जा सकता है। हालांकि, इसमें मुख्य पैरेंट प्लान का डेटा कोटा ही इस्तेमाल होगा। (एजेंसी)

