Thu. Sep 3rd, 2026

एयर इंडिया ने शुरू की जयपुर-दिल्ली नई फ्लाइट, दोपहर 1 बजे भरेगी उड़ान

Jaipur News : जयपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए हवाई संपर्क बेहतर हो गया है। एयर इंडिया ने जयपुर-दिल्ली रूट पर दोपहर की एक नई उड़ान शुरू की है। दिल्ली से आने वाली फ्लाइट AI-1719 दोपहर 1:00 बजे जयपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी की फ्लाइट AI-1844 दोपहर 1:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। मंगलवार से शाम के स्लॉट में भी नई उड़ानें शुरू की गई हैं।

जयपुर और दिल्ली के लिए रोज 6 फ्लाइट उड़ान भर रही

अब जयपुर और दिल्ली के बीच प्रतिदिन औसतन छह उड़ानें संचालित होती हैं, और सप्ताह में लगभग 44 उड़ानें होती हैं। नए शेड्यूल के अनुसार, एयर इंडिया की जयपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ानें दोपहर 1:40 बजे और शाम 5:10 बजे रवाना होती हैं। इंडिगो की 6E-6492 शाम 5:20 बजे और 6E-2376 रात 10:25 बजे रवाना होती है।

यात्रियों को होगा फायदा

दिल्ली हवाई अड्डे से देश और विदेश के विभिन्न शहरों के लिए बड़ी संख्या में कनेक्टिंग उड़ानें उपलब्ध हैं। इसलिए, दोपहर और शाम के समय जयपुर से दिल्ली के लिए उड़ानों के अधिक विकल्प उपलब्ध होने से कॉर्पोरेट, सरकारी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों को लाभ होगा।

विंटर शेड्यूल लागू होने की उम्मीद

सूत्रों के मुताबिक, जयपुर और अन्य हवाई अड्डों पर अक्टूबर के अंत तक शीतकालीन शेड्यूल लागू होने की उम्मीद है। इसमें दिल्ली के लिए कुछ नई उड़ानों की शुरुआत भी शामिल हो सकती है। इसके अलावा, विभिन्न मार्गों पर लगभग 8 से 10 नई उड़ानें शुरू होने की संभावना है। जयपुर हवाई अड्डा प्रबंधन नई उड़ानों के लिए कई एयरलाइनों से बातचीत कर रहा है। एयरलाइनें जयपुर से कुछ नए शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की भी योजना बना रही हैं।(एजेंसी)

About The Author