बालाघाट में EOW की बड़ी कार्रवाई: पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री के तीन ठिकानों पर छापा
बालाघाट। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीमों ने एक साथ बालाघाट स्थित शासकीय आवास, छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास और भोपाल के परिसरों पर दबिश दी है। तीनों शहरों में एक साथ शुरू हुई इस पड़ताल से संबंधित महकमे में हड़कंप मच गया है।
तड़के 5 बजे DSP के नेतृत्व में पहुंची टीम
बालाघाट में यह कार्रवाई ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह की अगुवाई में सुबह 5 बजे से शुरू की गई। प्राथमिक तलाशी के दौरान कार्यपालन यंत्री के शासकीय आवास से ढाई लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन और एक दर्जन से अधिक खाली लिफाफे बरामद किए गए हैं। जांच दल इन लिफाफों और बरामद नकदी के स्रोतों को लेकर अधिकारी से पूछताछ कर रहा है।
आय से अधिक संपत्ति और बैंक लॉकरों पर नजर
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी पुख्ता शिकायत के सत्यापन के बाद अमल में लाई गई है। जांच एजेंसी अब अधिकारी के नाम दर्ज बैंक लॉकरों, अचल संपत्तियों और अन्य निवेशों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले का पूरा ब्योरा सामने आ सके।

