मोबाइल चलाने को लेकर मां ने लगाई थी डांट, 8वीं कक्षा की छात्रा ने 21वीं मंजिल से कूदकर दे दी जान
Noida News: महागुन मायवुड्स सोसाइटी में रहने वाली 8वीं कक्षा की एक छात्रा ने 21वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि छात्रा को मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की लत थी और अपनी मां की डांट के बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि, बिसरख पुलिस ने मोबाइल फोन की लत या डांट को आत्महत्या का कारण नहीं माना है। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले प्रदीप सिसोदिया, नोएडा के सेक्टर 63 स्थित एक IT कंपनी में काम करते हैं। वे अपने परिवार के साथ गौर सिटी-2 के सेक्टर 16C स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी में रहते हैं। उनकी 13 साल की बेटी प्रियांशी, मंथन स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह करीब 6:00 बजे, उनके पिता को खबर मिली कि उनकी बेटी गिर गई है।
इकलौती बेटी थी प्रियांशी
पुलिस के अनुसार, 13 साल की एक लड़की को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि वह किशोरी एक रिहायशी इमारत की 21वीं मंजिल से गिर गई थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसकी मां गृहिणी हैं और उनका परिवार उसी इमारत की चौथी मंजिल पर रहता है।
लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर पहुंची किशोरी
गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे, वह किशोरी किसी को बताए बिना घर से निकल गई। इसके बाद वह लिफ्ट से 21वीं मंजिल पर गई और लॉबी एरिया से नीचे कूद गई। गिरने के तुरंत बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह जब परिवार के लोग जागे और उन्होंने देखा कि वह घर में नहीं है, तब उन्हें घटना का पता चला। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार वालों ने हाउसिंग सोसाइटी के अन्य लोगों से पूछताछ की। तब उन्हें पता चला कि वह किशोरी 21वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी।
सोसाइटी में मचा हड़कंप
इस घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गई है। थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि परिवार से पूछताछ करने पर पता चला कि गुरुवार को किसी बात को लेकर मां ने किशोरी को डांटा था। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और कुछ भी और कहने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही पूरी कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, परिवार की ओर से कोई औपचारिक शिकायत या लिखित बयान नहीं दिया गया है। (एजेंसी)

