Fri. Oct 30th, 2026

चट्टान गिरने से रांची-पटना रेल मार्ग हुआ बाधित, वंदे भारत एक्‍सप्रेस का बदला रूट

झारखंड। रांची से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का मार्ग बदल गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस मार्ग के सांकी- बरकाकाना पर चट्टान गिरने से टाटीसिलवे साकी और बरकाकाना होकर चलने वाली ट्रेन अब टाटीसिलवे से मूरी और बरकाकाना होकर चलेगी। ट्रेन का रूट 2 अगस्‍त से बदला गया है। रेलवे ने इससे जुड़ा आदेश जारी कर दिया है। चट्टान गिरने से मंगलवार को सांकी- बरकाकाना रूट पूरे दिन प्रभावित हुआ था। बाद में धनबाद से बुलडोजर और पोकलेन मशीन भेज कर देर रात उसे हटाया गया ।

वंदे भारत के रूट पर मालगाड़ियों का परिचालन प्रभावित
मानसून के दौरान पहाड़ी चट्टान गिरने का खतरा बना रहता है । इसके मद्देनजर रेलवे ने अगले आदेश तक दोनों ओर से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया है।

उस रूट पर थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल में मालगाड़ियां चलती हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के चलने से मालगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हो रहा था। इसे लेकर धनबाद रेल मंडल वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन का प्रस्ताव भेजने की तैयारी में था। इसी बीच पहाड़ी चट्टान गिर जाने से वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल गई।

27 जून को पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
गौरतलब है कि रांची से पटना जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को बीते 27 जून को पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई थी। यह ट्रेन रांची से पटना के बीच की दूरी 5.50 घंटे में तय कर लेती है। यह ट्रेन अत्‍याधुनिक सुविधाओं से लैस है।ट्रेन में एक्जीक्यूटिव क्लास कोच के चेयर को 180 डिग्री रोटेट किया जा सकता है।
इसमें यात्रियों की सुरक्षा को ध्‍यान में रखते हुए कैमरे, फायर सेंसर और जीपीएस भी काम पर लगाए गए हैं। कोच में 32 इंच की टीवी स्‍क्रीन भी लगी है ताकि सफर के दौरान मनोरंजन में भी कोई कमी न आए। हर सीट के नीचे चार्जिंग प्वाइंट्स दिए गए हैं ।

About The Author

SKY TMT