Fri. Nov 6th, 2026

कोयंबटूर कार बम विस्फोट मामले में एक और गिरफ्तार, आतंकी संगठन ISIS से जुड़े तार

दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कोयंबटूर कार बम धमाके मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तारी किए गए आरोपी के आतंकी संगठन ISIS से तार जुड़े हैं। 23 अक्टूबर 2022 को कोयंबटूर में एक कार में विस्फोट हुआ था जिसमें मुख्य आरोपी की मौत हुई थी।

23 अक्टूबर, 2022 को हुआ था कार में ब्लास्ट
बता दें कि 23 अक्टूबर, 2022 को कोयंबटूर के ईश्वरन कोविल स्ट्रीट में मौजूद प्राचीन अरुलमिगु कोट्टई संगमेश्वर थिरुकोविल मंदिर के सामने एक (आईईडी) से लदी कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें मुख्य आरोपी जेम्स मुबीन की मौत हो गई थी।

एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोयंबटूर के रहने वाले मोहम्मद इदरीस को अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इदरीस ब्लास्ट के मुख्य आरोपी मुबीन के साथ निकटता से जुड़ा था और योजना में अन्य आरोपियों के साथ आतंकी हमले की साजिश की बैठकों का हिस्सा भी रहा था।

ISIS की विचारधारा से प्रेरित था मुख्य आरोपी मुबीन
अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला है कि मुबीन आतंकी समूह आईएसआईएस की कट्टर विचारधारा से प्रेरित था और उसने प्रतिबंधित समूह के स्व-घोषित खलीफा अबू-अल-हसन अल-हाशिमी अल-कुरैशी के प्रति निष्ठा की कसम खाने के बाद आतंकवादी हमले को अंजाम दिया था।

NIA अदालत के समक्ष दो अलग-अलग आरोप पत्र किए दायर
उल्लेखनीय है कि 20 अप्रैल और 2 जून को केंद्रीय जांच एजेंसी ने मामले में छह और पांच आरोपियों के खिलाफ एनआईए अदालत के समक्ष दो अलग-अलग आरोप पत्र दायर किए थे। शुरुआती जांच के दौरान मामला उक्कदम पुलिस स्टेशन द्वारा दर्ज किया गया था और बाद में 27 अक्टूबर, 2022 को एनआईए ने इस जांच को अपने हाथ में ले लिया था।

 

 

 

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT