नेपाल में हवा में टकराए दो हेलिकॉप्टर, भीषण हादसे का खौफनाक वीडियो आया सामने
काठमांडु: नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकराने से एक हादसा हो गया। खबरों के अनुसार, ये दोनों हेलीकॉप्टर लैंड करने की कोशिश के दौरान आपस में टकरा गए। यह घटना नेपाल के सोलुखुम्बु इलाके में हुई। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के टकराने का पल दिखाई दे रहा है। फुटेज में कुछ लोग घटनास्थल के पास खड़े नजर आ रहे हैं। खबरों के मुताबिक, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई है और एक अन्य घायल हो गया है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए थे। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
भारतीय नागरिक है मृतक
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब खुम्बु पासांगल्हामु फिरिचे के हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों के रोटर आपस में टकरा गए। सोलुखुम्बु जिला प्रशासन ने बताया है कि हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के तौर पर हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं। इस दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट भी सामान्य चोट आई है। दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर से भेजा गया है। सोलुखुंबु के पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग के अनुसार, मृतक विदेशी नागरिक हैं। उनके शव को प्रभु हेलीकॉप्टर से लुक्ला लाया गया है। (एजेंसी)

