Thu. Oct 29th, 2026

Spain Train Accident: ट्रेन हादसे से दहला स्पेन, 68 की मौत! आखिर कैसे हुई इतनी बड़ी चूक?

Spain Train Accident: तोलेदो प्रांत में बुधवार को एक भीषण रेल हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और 58 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस साल देश में यह दूसरा सबसे बड़ा रेल हादसा है, जिसने एक बार फिर स्पेन की रेल सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 8:53 बजे हुआ। मैड्रिड से दक्षिण-पश्चिमी स्पेन के सेविले जा रही सरकारी कंपनी ‘रेनफे’ (Renfe) की एक तेज रफ्तार ट्रेन, उसी दिशा में पटरी पर खड़ी निजी कंपनी ‘इर्यो’ (Iryo) की ट्रेन के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय रेनफे ट्रेन में 397 और इर्यो ट्रेन में 147 यात्री सवार थे।

नियंत्रण केंद्र की बड़ी लापरवाही आई सामने

स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह दुर्घटना रेलगाड़ियों के नियंत्रण केंद्र के उस ‘समझ से परे’ आदेश के कारण हुई, जो सुरक्षा प्रणाली के काम करना बंद करने के बाद दिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भीषण हादसे में रेलगाड़ियों के चालकों की कोई गलती नहीं थी।

मंत्री ने बताया कि सुबह 8:30 बजे 63 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर कंप्यूटर में खराबी के कारण सुरक्षा प्रणाली फेल हो गई थी, जिससे वहां सभी ट्रेनें रुक गई थीं। हालांकि, इसके तुरंत बाद केंद्रीय नियंत्रण केंद्र ने रेनफे ट्रेन को बिना किसी गति सीमा के आगे बढ़ने का निर्देश दे दिया, जिसके परिणामस्वूप यह दर्दनाक टक्कर हुई।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के तुरंत बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया के बीच रेल सेवाओं को पूरी तरह रोक दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि आपातकालीन कर्मी, दमकलकर्मी, पुलिस और सेना की आपातकालीन ब्रिगेड मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई है। एंबुलेंस और हेलीकॉप्टरों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है, जबकि सुरक्षित बचे यात्रियों को बसों के जरिए गंतव्य तक भेजा जा रहा है।

About The Author

SKY TMT