Mon. Oct 26th, 2026

‘मोदी नहीं जाएगा ब्रो’: खरगे की टिप्पणी पर BJP का तंज, शेयर की पीएम की कूल तस्वीर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस तीखे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए कांग्रेस को उसी के अंदाज में जवाब दिया है। बीजेपी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से प्रधानमंत्री मोदी की एक अलग अंदाज वाली तस्वीर पोस्ट कर विपक्षी नेतृत्व पर तीखा व्यंग्य बाण छोड़ा गया है।

सोशल मीडिया पर चुटीला अंदाज, लिखा ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’

बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लाल फ्रेम वाले धूप के चश्मे और हैंगिंग चेन वाली एक कूल तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ पार्टी ने चुटकी लेते हुए लिखा “मोदी नहीं जाएगा ब्रो।” पोस्ट के साथ लिखे संदेश में बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि प्रिय खरगे जी, मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। देश के करोड़ों नागरिकों ने उन्हें तीसरी बार पूर्ण जनादेश देकर प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें जनता का समर्थन और विश्वास प्राप्त है, जो आपके शीर्ष नेतृत्व को कभी नसीब नहीं हो सकता।

पटना की सभा में भड़के थे खरगे, जुबान फिसलने से उपजा विवाद

इस पूरे सियासी बवाल की शुरुआत बिहार की राजधानी पटना से हुई, जहां रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक जनसभा में जनता को संबोधित कर रहे थे। संबोधन के बीच भीड़ में से किसी समर्थक ने चिल्लाकर कह दिया कि “मोदी नहीं जाएगा।” इस पर खरगे अपना आपा खो बैठे और उन्होंने मंच से माइक पर ही आपाधापी में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कह डाला कि “मोदी का तो बाप भी जाएगा।” इस बयान का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया और सियासी गलियारों में बहस छिड़ गई।

हताशा में मर्यादा लांघने का आरोप, सार्वजनिक माफी की मांग

बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने खरगे के इस बयान को राजनीति के निम्नतम स्तर का उदाहरण बताया है। भाजपा ने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में इस तरह की सड़क छाप शब्दावली का इस्तेमाल कांग्रेस की गहरी हताशा और बौखलाहट को दर्शाता है। सत्ताधारी दल ने इसे देश के प्रधानमंत्री और उनके परिवार का सीधा अपमान करार देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से तत्काल प्रभाव से देश के सामने बिना शर्त माफी मांगने की मांग दोहराई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े