पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी का काफिला दुर्घटनाग्रस्त: 4 गाड़ियां और एंबुलेंस भिड़ीं
सुलतानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के काफिले के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को सड़क हादसा हो गया। मानहानि से जुड़े एक मामले में सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए लखनऊ से आ रहे राहुल गांधी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए और पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि काफिले में सवार कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आई हैं।
अचानक ब्रेक लगाने से आपस में भिड़े वाहन
यह दुर्घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हालियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 89.5 के करीब घटी। काफिले में सबसे आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने के चलते पीछे चल रहीं अन्य गाड़ियां अनियंत्रित हो गईं। देखते ही देखते काफिले की चार सुरक्षा गाड़ियां और पीछे चल रही एक एंबुलेंस आपस में एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के अगले और पिछले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और अंदर बैठे कार्यकर्ताओं को झटके लगने से चोटें आईं।
तय समय पर सुलतानपुर कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी
हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा घेरे की पड़ताल की गई और यह सुनिश्चित होने पर कि राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं, काफिला सुल्तानपुर के लिए आगे रवाना हुआ। शहर की सीमा में दाखिल होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद राहुल गांधी सीधे अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे।

