राजस्थान के चूरू में भीषण कार हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 6 की मौत
राजस्थान न्यूज़: राजस्थान के चुरू जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार कार अपने आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार के ड्राइवर की मौत हो गई। यह परिवार तारा नगर के सोमसीसर गांव से गोगामेड़ी स्थित एक मंदिर के दर्शन के लिए जा रहा था। हादसे में सात महीने की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र के ददरेवा में हुआ। कार में सवार परिवार तारानगर के सोमसीसर गांव का रहने वाला था। परिवार गोगामेड़ी में देवी के दर्शन करने जा रहा था। लेकिन रास्ते में एक ऐसी टक्कर हुई कि सफर मातम में बदल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना को देखकर, आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ितों की मदद करने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर, पुलिस की एक टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंची। इस बीच, मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया। घटना में घायल हुई सात महीने की एक बच्ची को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया; उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनके शव पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की जान चली गई है। मृतकों में परिवार के पांच सदस्य और कार का ड्राइवर शामिल है।
जब हादसे की खबर सोमसीसर गांव पहुंची, तो मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। और पूरे इलाके में मातम पसर गया। शुरुआती खबरों में कार की तेज रफ्तार का जिक्र है, लेकिन हादसा किन हालात में हुआ, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। (एजेंसी)

