Fri. Oct 23rd, 2026

Tibet Earthquake 2026: तिब्बत में 7.0 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भीषण तबाही, 16 लोगों की मौत और सैकड़ों घर ढहे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Tibet Earthquake 2026: चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र (Tibet Autonomous Region) में गुरुवार रात एक बेहद शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई है, जिसके झटकों से पूरा इलाका दहल उठा। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 11 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

173 किलोमीटर गहराई में था केंद्र

स्थानीय समयानुसार यह शक्तिशाली भूकंप गुरुवार रात करीब 10:33 मिनट पर नागकू (Nagqu) शहर की बाकेन काउंटी में आया। मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर उत्तरी तिब्बत के नागकू सिटी में जमीन से लगभग 173 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। गहराई ज्यादा होने के बावजूद झटके इतने तेज थे कि घरों और इमारतों में रखे सामान हिलने लगे और लोग अपनी जान बचाने के लिए चीखते-पुकारते हुए बाहर सड़कों पर भाग खड़े हुए।

सैकड़ों घर जमींदोज, राहत एवं बचाव कार्य जारी

यह पिछले 5 वर्षों में तिब्बत क्षेत्र में आया सबसे बड़ा और विनाशकारी भूकंप माना जा रहा है। नागकू मीडिया कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के बाद इलाके में 339 से अधिक घर ढह गए हैं। मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसके अलावा, बेघर हुए और विस्थापित लोगों के रहने के लिए प्रशासन द्वारा राहत शिविरों और टेंटों की व्यवस्था की जा रही है।

About The Author