Thu. Oct 22nd, 2026

रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से 70 तस्वीरें हटाने पर हंगामा: प्रियंका गांधी बोलीं- अभिव्यक्ति से डरती है सत्ता

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे और फोटोग्राफर रेहान वाड्रा की नई फोटो प्रदर्शनी को लेकर दिल्ली के कला और राजनीतिक गलियारों में तनातनी बढ़ गई है। रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि बीकानेर हाउस में उनके सोलो शो के शुरू होने से ऐन पहले प्रबंधन ने उन पर विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी कई तस्वीरों को हटाने का दबाव बनाया। खबरों के अनुसार, प्रदर्शनी से करीब 70 तस्वीरों को हटाए जाने की बात सामने आई है। इस पूरे मामले में प्रियंका गांधी वाड्रा अपने बेटे के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं और उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर तीखा संदेश दिया है।

‘आपत्तिजनक’ बताकर तस्वीरें हटाने के निर्देश का आरोप

रेहान वाड्रा की इस सोलो एग्जिबिशन का शीर्षक ‘नो आइडिया इज़ फाइनल’ (No Idea Is Final) रखा गया था। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर करते हुए रेहान ने बीकानेर हाउस प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “शाम 7 बजे शो शुरू होना था, लेकिन उससे ठीक 5 घंटे पहले प्रबंधन ने मुझे प्रदर्शनी से अधिकतर कलाकृतियों को हटाने के लिए विवश किया। ये तस्वीरें दिल्ली में युवाओं द्वारा किए गए हालिया विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी थीं। ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें यह कंटेंट ‘आपत्तिजनक’ लगा।”
रेहान ने आगे खुलासा किया कि उनसे तिरंगे से संबंधित दो तस्वीरें भी हटाने को कहा गया था। इस पर उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा, “मुझसे राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीरें हटाने के लिए भी कहा गया, लेकिन मैंने साफ इनकार कर दिया। मैं तिरंगे की तस्वीर नहीं हटाऊंगा। फिलहाल यह प्रदर्शनी सीमित रूप में ही दर्शकों के सामने होगी, लेकिन मैं दूसरी जगह तलाशकर विरोध-प्रदर्शनों की इन सभी तस्वीरों को पूरी तरह प्रदर्शित करूंगा।”

प्रियंका गांधी ने बढ़ाया बेटे का हौसला

इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखकर अपने बेटे के रुख की सराहना की। उन्होंने सत्ता प्रतिष्ठान पर निशाना साधते हुए लिखा कि  जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो शायद उसे एहसास भी नहीं होता कि वह उसी सत्ता को खो चुका है, जिसे बचाने की वह कोशिश कर रहा है। तुम सच के साथ खड़े रहो, और हर खूबसूरत चीज खुद-ब-खुद तुम्हारे पास आ जाएगी। मुझे तुम पर गर्व है, और हमेशा रहेगा।

About The Author