Thu. Oct 22nd, 2026

लखनऊ में ई-बाइक शोरूम में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से कई गाड़ियां जलकर खाक

Lucknow Cantt Fire News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में, सदर कैंट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोला बाजार इलाके में बुधवार शाम एक बड़ी घटना घटी। ‘सरला एंड संस’ नाम के इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में भीषण आग लग गई, जिसका कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैली और बगल की दो अन्य दुकानों तक पहुंच गई। इस भीषण आग में शोरूम के अंदर रखे कई इलेक्ट्रिक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग हरकत में आ गए। आग की गंभीरता को देखते हुए, तुरंत 10 दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे, मोर्चा संभाला, पूरी इमारत को घेर लिया और आग बुझाने के साथ-साथ राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए।

शॉर्ट सर्किट से फैली आग और मची भगदड़

शुरुआती जांच और जानकारी के अनुसार, आग दुकान के अंदर रखी बैटरियों में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी। बैटरियों और प्लास्टिक के सामान की मौजूदगी के कारण, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों और वहां से गुजरने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। गनीमत रही कि राहत कार्य समय रहते शुरू हो गए, और जान-माल के किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। हालाँकि, दुकान और वाहनों को हुए कुल आर्थिक नुकसान का सही आकलन तभी किया जा सकेगा, जब आग पूरी तरह बुझ जाए और हालात सामान्य हो जाएं। इस घटना के बाद, स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा मानकों को लेकर अपनी चिंता जताई है।

दो दिन पहले कपड़े के गोदाम में लगी थी आग

गौरतलब है कि दो दिन पहले, 18 अक्टूबर को राजधानी के गोमती नगर विस्तार इलाके में स्थित द्वारका टॉवर के एक कपड़ों के गोदाम में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई थी। इस घटना के कारण पूरी इमारत में जहरीला धुआं फैल गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। टॉवर की पहली मंजिल पर बनी लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे लगभग 20 छात्र-छात्राओं के बीच भारी अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई थी।

लाइब्रेरी से निकाले गए 20 छात्र

घटना की सूचना मिलते ही, दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने तत्परता और बहादुरी दिखाते हुए लाइब्रेरी के अंदर फंसे सभी 20 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि इस भीषण आग में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। (एजेंसी)

About The Author