Thu. Oct 15th, 2026

आमिर खान के भांजे Imran Khan को भारत छोड़ने का नोटिस! 28 अक्टूबर तक की मोहलत, जानें वजह

बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भांजे और अभिनेता Imran Khan की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस ने आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम (Immigration and Foreigners Act) के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के मामले में अमेरिकी नागरिक इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का औपचारिक नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, अमेरिकी नागरिकता रखने वाले इमरान खान के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई में हुए एक विरोध प्रदर्शन में उनके भाग लेने के बाद की गई है। इस प्रदर्शन में प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था।

क्यों हुई कार्रवाई?

पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया, ‘‘इमरान खान के पास अमेरिकी नागरिकता है और वह भारतीय नागरिक नहीं हैं। आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत किसी भी विदेशी नागरिक को भारत में राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों या किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है।’’

यही वजह है कि अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, अभिनेता ने नोटिस की प्रति प्राप्त कर ली है और इस मामले में प्रशासनिक कार्यवाही फिलहाल जारी है।

किरीट सोमैया ने की थी मांग

गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान खान के ‘‘विदेशी नागरिक’’ होने के बावजूद एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुंबई पुलिस से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक इस तरह के आंदोलनों में हिस्सा ले सकता है।

About The Author