Pakistan School Roof Collapse: पाकिस्तान के स्कूल में मौत का मंजर! 21 की मौत, घायलों से भरा अस्पताल
Pakistan School Roof Collapse: पाकिस्तान के पेशावर से इस वक्त की बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के दीर कॉलोनी इलाके में एक प्राइवेट स्कूल की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे के नीचे दबने से 21 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में 20 मासूम बच्चे और एक महिला टीचर शामिल हैं। इस भीषण हादसे में 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में आपातकाल घोषित
लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने मीडिया को जानकारी दी कि घायलों के ताबड़तोड़ इलाज के लिए अस्पताल में आपात स्थिति (Emergency) घोषित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किए गए। बचाव दलों ने मलबे को हटाकर फंसे हुए बच्चों और स्कूल के कर्मचारियों को बाहर निकालने का काम तेजी से किया। कई घायलों को तुरंत विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया गहरा दुख
इस भीषण हादसे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घायलों को देश में सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

